जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान सेना की नापाक हरकत जारी, पुंछ ब्रिगेड मुख्यालय पर दागा गोला
सुबह सवा दस बजे नगर स्थित पुंछ ब्रिगेड मुख्यालय में एक गोला गिरा। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। सेना और पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर वाहनों और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। एसएसपी राजीव पांडे, डीएसपी हेडक्वार्टर नवाज खांडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में लगता है कि गोला नियंत्रण रेखा के उस पार से आया है। इसमें किसी प्रकार नुकसान नहीं हुआ है और जांच जारी है।
सैन्य प्रवक्ता का कहना है कि आर्मी कैंप के अंदर ही विस्फोट हुआ है। पाकिस्तान की ओर से किसी प्रकार का गोला नहीं दागा गया है। ब्लास्ट ऐसे शेल्टर में हुआ है जिसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। दिगवार के ग्रामीणों का कहना है कि गांव के ऊपर से गोले के गुजरने की आवाज सुनी थी, जिसके बाद पुंछ ब्रिगेड मुख्यालय में जोरदार धमाका हुआ।
वहीं, कृष्णा घाटी सेक्टर के अंतर्गत सलोत्री क्षेत्र में भी पाकिस्तान ने शाम को अग्रिम चौकी को निशाना बनाकर गोला दागा। यह गोला 4 मराठा लाई की अग्रिम चौकी रियर के पास शाम 6.20 बजे गिरा। हालांकि, इसमें भी किसी के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
शिक्षण संस्थान बंद करवाए
पुंछ ब्रिगेड की घटना के बाद सेना ने नियंत्रण रेखा के आसपास के क्षेत्रों के स्कूल बंद करा दिए। दलान, माटली, दिगवार, खड़ी, करमाड़ा व गुलपुर आदि क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों को बंद करवा दिया गया। प्रशासन के अनुसार यह कदम एहतियातन उठाया गया।





