जम्मू-कश्मीर: काजीकुंड में सुरक्षाकर्मी बनकर पहुंचा लुटेरा…

कुलगाम के काजीकुंड में एक लुटेरा सुरक्षाकर्मी बनकर घर में घुसा और विरोध करने पर युवक जाहिद अहमद बंदे को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड इलाके में गुरुवार की देर रात सुरक्षाकर्मी बनकर पहुंचे एक लुटेरे ने घर की तलाशी लेनी शुरू की। शक होने पर मौजूद युवक ने विरोध किया तो उस पर चाकू से वार कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। उधर परिजनों ने लुटेरे को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उसके पास से एक चाकू और खिलौना पिस्तौल बरामद किया गया है।

एक अधिकारी के मुताबिक एक लुटेरा जो सुरक्षा बलों का सदस्य बनकर तलाशी लेने के बहाने किशगुंड संगरान निवासी मोहम्मद यासीन बंदे के घर में घुस गया। कुछ गड़बड़ होने का आभास होने पर मोहम्मद यासीन के बेटे ज़ाहिद अहमद बंदे ने बदमाश को पकड़ने की कोशिश की।

दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान लुटेरे ने जाहिद पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन जाहिद को लेकर तुरंत काजीगुंड स्थित अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। उधर परिवार के अन्य सदस्यों ने लुटेरे को पकड़कर काजीगुंड पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से एक खिलौना पिस्तौल और एक धारदार चाकू बरामद हुआ। घायल लुटेरे को जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।

Back to top button