जब मां को याद कर रो पड़े थे सुशांत, वीडियो देख नम हो जाएगी आपकी आंखें

सुशांत सिंह राजपूत के जाने के बाद फैन्स और उनके दोस्त उन्हें याद करने में लगे हुए हैं. सुशांत सिंह राजपूत के बारे में लाखों-करोड़ों पोस्ट किए जा रहे हैं. फैन्स अपने फेवरेट स्टार को उनकी दरियादिली, खुशमिजाज अंदाज और फिल्मों के लिए याद कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर छाई कई वीडियोज और फोटोज के बीच सुशांत का एक पुराना वीडियो सामने आया है. ये वीडियो उस समय का है जब सुशांत टीवी के एक्टर हुआ करते थे और डांस रियलिटी शो झलक दिखला जा का हिस्सा बने थे.
मां की याद में रोए थे सुशांत, माधुरी ने दिया दिलासा
अपनी एक खूबसूरत परफॉर्मेंस के बाद सुशांत को अपनी मां की याद आ गई थी, जिसकी वजह से वो अपने आंसुओं को बहने से नहीं रोक पाए थे. ऐसे में शो की जज रहीं माधुरी दीक्षित ने उन्हें दिलासा दिया था और समझाया था.
माधुरी ने रोते हुए सुशांत को अपने बड़े बेटे का किस्सा सुनाते हुए कहा था, ‘मेरा बेटा और मैं, हम एक दिन सोफे पर बैठे थे. तब उनसे मुझे बोला मां जब मैं डेन्वर में था तब मुझे पता नहीं लगा लेकिन अब जब मैं आपसे मिला हूं तो मुझे पता चला कि मैंने आपको कितना मिस किया. मैं समझ सकती हूं कि आप कैसा महसूस कर रहे हैं.
मैं भगवान का शुक्रिया मानती हूं कि मेरे माता-पिता मेरे साथ हैं. मैं समझती हूं कि आपकी मां जहां भी हैं आपको देख रही हैं. उनका आशीर्वाद आपके साथ है, वो आपमें है. वो आप पर गर्व करती हैं.’
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की मां का निधन 2002 में हो गया था. तब सुशांत 16 साल के थे. वे अपनी मां से बेहद प्यार करते थे और उनके करीब थे. सुसाइड से 7 दिन पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर मां के साथ अपना फोटो भी शेयर किया था. यही उनका आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट था.
उन्होंने लिखा था- ‘आंसुओं से वाष्पित होता अतीत, मुस्कुराहट के एक आर्क को उकेरते सपने और एक क्षणभंगुर जीवन, दोनों के बीच बातचीत. मां.’
आज मुंबई में होगा अंतिम संस्कार
सुशांत सिंह राजपूत की अचानक हुई मौत के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक पसरा हुआ है. उनके घरवाले सदमे में हैं और अपने बेटे का अंतिम संस्कार करने के लिए पटना से मुंबई आ गए हैं.
सुशांत के पिता और भाई मुंबई पहुंच गए हैं. सुशांत के प्रवक्ता ने उनके अंतिम संस्कार की जानकारी दी है. अपने बयान में प्रवक्ता ने कहा, ‘एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार आज विले पार्ले के पवन हंस शमशान घाट में होगा.’
रविवार, 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत को उनके बांद्रा स्थित अपार्टमेंट के पंखे से लटका हुआ पाया गया था. उनके शव का पोस्टमॉर्टेम मुंबई के कूपर अस्पताल में किया गया है. सुशांत 34 साल के थे और डिप्रेशन की समस्या से जूझ रहे थे. उनका करियर काफी अच्छा चल रहा था. ऐसे में सुशांत ने अपनी जान क्यों ली इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है.





