जनता देख गदगद हुए मोदी, कहा- देश से पहले यूपी की तकदीर बदलनी तय

धानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की अपील करते हुए आज कहा कि देश का भाग्य बदलने के लिए इस सूबे की तकदीर बदलनी ही होगी। मोदी ने यहां रमाबाई अंबेडकर मैदान में भारतीय जनता पार्टी की महा परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा ‘हिंदुस्तान का भाग्य बदलने के लिए यूपी (उत्तर प्रदेश) का भाग्य बदलना होगा। यूपी के लोग राजनीतिक दृष्टि से समझ रखने वाले हैं। उनकी बुद्धि दूध का दूध और पानी का पानी करने का सामथ्र्य रखती है।’
मोदी जी की दहाड़ जनता की ललकार, रैली में मचाई धूम, ये रहे हाइलाइट्स
विपक्ष पर जोरदार हमला
देश का भाग्य बदलने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा किये जा रहे कामों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं तो कालाधन और भ्रष्टाचार हटाने में लगा हुआ हूं और विपक्ष मुझे ही हटाने में अपनी पूरी शक्ति लगा रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘वे कहते हैं मोदी हटाओ। हम कहते हैं भ्रष्टाचार कालाधन हटाओ। देश की जनता को तय करना है कि हमें क्या करना है।’
साफ दिख रहा हवा का रुख
सभी राजनीतिक पंडित रैली देखकर हिसाब किताब लगाना भूल गए होंगे। इस रैली को देखने के बाद किसी को मेहनत करने की जरूरत नहीं। हवा का रुख साफ-साफ नजर आ रहा है। आज जनता अब की सरकारों और पूर्व की बीजेपी सरकारों से तुलना कर रही है। उन्होंने कहा कि लोग कह रहे हैं कि यूपी से इस बार बीजेपी का 14 साल का वनवास खत्म होगा। मैं कह रहा हूं कि वनवास खत्म करने के लिए बीजेपी राजनीति नहीं कर रही है।
रैली देख गदगद हुए प्रधानमंत्री
राजधानी लखनऊ में आयोजित बीजेपी की परिवर्तन रैली में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के अथाह जनसैलाब को देखकर गदगद हो गए। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में इतनी बड़ी रैली को संबोधित करने का पहली बार सौभाग्य मिल रहा है। लोकसभा के दौरान भी इतनी बड़ी मात्रा में लोगों की भीड़ नहीं जुटी।





