छत्तीसगढ़ में 1.61 करोड़ के इनामी 51 माओवादियों का समर्पण

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर जिलों में शनिवार को 51 सक्रिय माओवादियों ने ¨हसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया। इन पर एक करोड़ 61 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें 34 महिलाएं शामिल हैं।
सुकमा जिले में 76 लाख रुपये के इनामी 21 माओवादियों ने समर्पण किया। इनमें तीन डिविजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) और पांच एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) शामिल हैं। सुकमा में समर्पण के दौरान माओवादियों ने तीन एके-47, दो एसएलआर समेत कई हथियार सुरक्षा बलों को सौंपे।
वहीं, बीजापुर जिले में साउथ सब जोनल ब्यूरो से जुड़े 85 लाख रुपये के इनामी 30 माओवादियों ने भी समर्पण किया। इनमें 20 महिलाएं शामिल हैं। बीजापुर में समर्पण करने वाले माओवादी कंपनी पीपीसीएम (प्लाटून कमेटी सदस्य), जनताना सरकार अध्यक्ष जैसे पदों पर सक्रिय थे।
उल्लेखनीय है कि एक जनवरी 2024 से अब तक अकेले बीजापुर जिले में 918 माओवादी मुख्यधारा में लौट चुके हैं, जबकि 1,163 गिरफ्तार किए गए हैं और 232 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए हैं।





