चीन के निर्यात और आयात में आई भारी गिरावट, अमेरिका के साथ आधा रह गया व्यापार

चीन के निर्यात और आयात में फरवरी माह में अनुमान से अधिक गिरावट दर्ज की गई है। इस संबंध में चीन के कस्टम विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार ट्रेड वार के बीच अमेरिका के साथ इस वर्ष फरवरी माह में चीन का व्यापार जनवरी माह की तुलना में करीब आधा ही रह गया। विश्व की नंबर एक अर्थव्यवस्था वाले अमेरिका और नंबर दो अर्थव्यवस्था वाले चीन के बीच जनवरी में जहां 27.3 अरब डालर का व्यापार हुआ, वहीं फरवरी में यह 14.7 अरब डालर ही रहा।चीन के निर्यात और आयात में आई भारी गिरावट, अमेरिका के साथ आधा रह गया व्यापार

एक साल के दौरान चीन के निर्यात में 20.7 फीसदी, जबकि आयात में 5.2 फीसदी गिरावट आई है। ब्लूमबर्ग न्यूज पोल की ओर से किए गए सर्वे में निर्यात में 5 फीसदी जबकि आयात में 0.6 फीसदी गिरावट का अनुमान जताया गया था। इस तरह वास्तविक आंकड़े सर्वे के तहत अनुमानित आंकड़ों से भी कहीं अधिक आगे निकल गए जिस पर देश में चिंता जताई गई है।

उत्पादन क्षेत्र का प्रदर्शन 3 साल में सबसे खराब :

फरवरी में उत्पादन क्षेत्र का प्रदर्शन तीन साल में सबसे खराब बताया जा रहा है। मंदी के चलते देश की संसद में प्रस्तुत एक रिपोर्ट में विकास वृद्धि की दर का लक्ष्य 6.0 से 6.5 फीसदी रखा गया है, जबकि वर्ष 2018 में यह लक्ष्य 6.6 फीसदी था। चीन सरकार ने मंदी से निपटने के उपायों के तहत करों और विभिन्न शुल्कों में कटौती की घोषणा की है।

बैंकों को निकट भविष्य में सुधार की उम्मीद नहीं :

एएनजेड बैंक के रेमंड युंग ने एक वक्तव्य में कहा, ‘आज जारी ये आंकड़े हमारे दृष्टिकोण को सुदृढ़ करते हैं कि चीन की व्यापार मंदी उभरने लगी है। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में वैश्विक मंदी के कारण निकट भविष्य में सुधार की कोई उम्मीद भी नहीं है।’ एएनजेड बैंक के अनुसार इस वर्ष के पहले दो माह में चीन का निर्यात 4.7 फीसदी और आयात 3.1 फीसदी गिरा।

Back to top button