चार गुना से भी ज्यादा बढ़ा कोल इंडिया का मुनाफा, 7.9 फीसदी बढ़ी कंपनी की बिक्री

गुरुवार को सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज खनन कंपनी कोल इंडिया ने बताया कि कंपनी का शुद्ध लाभ मार्च 2019 में समाप्त तिमाही में चार गुना से अधिक बढ़कर 6,024.2 करोड़ रुपये हो गया। अधिक बिक्री और कम व्यय के चलते कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।
पिछले वित्त वर्ष में इतना हुआ था मुनाफा
इससे पिछले वित्त वर्ष 2017-18 की जनवरी-मार्च अवधि में कंपनी को 1302.63 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

कंपनी के कर्मचारियों के लाभ पर आने वाली लागत में तेज गिरावट और बिक्री एवं लागत प्रबंधन में सुधार से मुनाफे में 362 फीसदी की छलांग संभव हो पाई है।
7.9 फीसदी बढ़ी कंपनी की बिक्री
इस संदर्भ में कोल इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन अवधि में कंपनी की बिक्री 7.9 फीसदी बढ़कर 26,704.27 करोड़ रुपये रही, जो 2017-18 की मार्च तिमाही में 24,747.10 करोड़ रुपये थी।
21,473.1 करोड़ रुपये रहा कंपनी का व्यय
इस दौरान, कंपनी का कुल व्यय 2018-19 की चौथी तिमाही में गिरकर 21,473.1 करोड़ रुपये रहा। वर्ष 2017-18 की इसी तिमाही में उसका व्यय 27,396.5 करोड़ रुपये रहा था।
पूरे वित्त वर्ष में 148 फीसदी बढ़ा शुद्ध लाभ
पूरे वित्त वर्ष 2018-19 में, कंपनी का शुद्ध लाभ 148 फीसदी बढ़कर 17,462.18 करोड़ रुपये रहा। वर्ष 2017-18 में कंपनी का मुनाफा 7,038.44 करोड़ रुपये था।
60.68 करोड़ टन रहा कोयला उत्पादन
वहीं, वर्ष के दौरान कंपनी की एकीकृत बिक्री 92,896.08 करोड़ रुपये रही, एक साल पहले उसकी एकीकृत बिक्री 82,487.93 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने एक अलग नियामकीय जानकारी में कहा कि पूरे वित्त वर्ष के लिए कंपनी का कोयला उत्पादन 60.68 करोड़ टन रहा, 2017-18 में उसका उत्पादन 56.73 करोड़ टन रहा था।





