चाय और पान की दुकान की भी चलती है ट्रैवल्स एजेंसी


चारधाम यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा मांग गाड़ियों की हो रही है। इस सीजन को देखते हुए जगह जगह ट्रैवल्स एजेंसियां खुल गई हैं। इनमें से कई एजेंसियां बिना पंजीकरण कराए तथा अन्य मानक पूरा किए चल रही हैं। जिला पर्यटन अधिकारी सीमा नौटियाल ने जस्साराम रोड सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की तो चाय की दुकानों और पान के खोखे में ट्रैवल्स एजेंसियां चलती मिली। इसपर विभाग ने 15 ट्रैवल्स एजेंसी, तीन होटल, आश्रम और धर्मशालाओं को नोटिस देकर सात दिन में विभाग में पंजीकरण कराने के लिए कहा है।

हरिद्वार में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से ट्रैवल एजेंसियां संचालित की जा रही हैं। अमर उजाला भी लंबे समय से अवैध ट्रैवल्स के खिलाफ जनता की आवाज को उठाता रहा है। सोमवार को ट्रैवल एसोसिएशन व टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन ने सयुक्त रूप से जिला पर्यटन विकास अधिकारी को अवैध ट्रैवल एजेंसियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद जिला पर्यटन अधिकारी सीमा नौटियाल ने जस्साराम रोड पर छापेमार की तो ट्रैवल्स व्यवसायियों में खलबली मच गई। छापे के दौरान यहां चाय की दुकान, पान की दुकान, कन्फेशनरी की दुकान आदि में ट्रैवल एजेंसिया संचालित होती मिलीं। साथ ही होटलों, आश्रम और धर्मशालाओं के काउंटर से भी ट्रैवल्स का संचालन होता पाया गया। इस पर तीन-तीन होटलों, आश्रमों, धर्मशालाओं और 15 ट्रैवल एजेंसियों को नोटिस भेजा गया। जिला पर्यटन अधिकारी सीमा नौटियाल ने बताया कि सात दिन के अंदर यदि ट्रैवल्स एजेंसी का पंजीकरण नहीं कराया गया तो दस हजार रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही प्रतिष्ठानों को सील भी किया जा सकता है। इस दौरान टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष बंटी भाटिया, ट्रैवल एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश पालीवाल, महामंत्री सुमित श्रीकुंज, हरीश भाटिया, इकबाल सिंह, शम्मी खुराना, मुकेश, जसवीर राणा, अरविंद खनेजा, विक्की शर्मा, समीर चावला अभी व्यापारी उपस्थित रहे।





