लखनऊ में चलती बस का अचानक फेल हो गया गियर, सड़क पर मची भगदड़

लखनऊ के वीआईपी इलाके में मंगलवार को उस वक्त बड़ा हादसा होने से टल गया जब सिटी बस का चलते-चलते गियर फेल हो गया। इससे सड़क पर भगदड़ मच गई। ड्राइवर ने किसी तरह बस को रोका। शुक्र इसका रहा कि उस वक्त बस में कोई सवारी नहीं थी। यह कार्यशाला से फिट होकर चारबाग से बाराबंकी रूट पर सवारी लेकर जाने वाली थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 2:50 बजे लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी की रूट नंबर 12 डी की सिटी बस (यूपी 32 डीएन 0688) डालीबाग के तिलक मार्ग पर बालू अड्डे से डीजीपी कार्यालय की ओर आ रही थी। इस दौरान अचानक गियर फेल हो जाने से बस सड़क पर लहराने लगी।
यह देख पैदल चलने वाले और वाहन सवार बचने को इधर-उधर भागने लगे। ड्राइवर राजेश कुमार बस को नियंत्रित करने के लिए उसे विपरीत दिशा (डीजीपी कार्यालय से गोमतीनगर की ओर) में ले गया। बस के बंद होने पर ड्राइवर ने राहत की सांस ली। कंडक्टर शिवकुमार ने कार्यशाला में सूचना दी, लेकिन मदद करने कोई नहीं पहुंचा।
कार्यशाला से कारीगर नहीं आया तो ड्राइवर ने खुद बस गोमतीनगर कार्यशाला ले जाने की कोशिश शुरू की। बस चालू तो हो गई पर गियर नहीं लग रहा था। बस के प्रेशर को बढ़ाया तो गियर लग सका। इसके बाद ड्राइवर धीमी गति से बस कार्यशाला लेकर पहुंचा। खास बात यह थी कि जब यह कार्यशाला से निकली थी तो इसे पूरी तरफ फिट दिखाया गया था।
गोमतीनगर कार्यशाला से जो बस बाराबंकी को निकली थी, उसका अचानक प्रेशर डाउन हो गया। इससे गियर फेल हो गया। बस वापस कार्यशाला पहुंची तो खराबी दूर कर दी गई। – डीके गर्ग, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गोमतीनगर डिपो सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी





