चलती ट्रेन में इस महिला का प्रसव करा हीरो बना यह स्टूडेंट

एक भारतीय मेडिकल स्टूडेंट विपिन खडसे, ट्रेन की जनरल बोगी में एक महिला के प्रसव में मदद कर हीरो बन गए हैं। हालांकि ये बेहद मुश्किल था क्योंकि प्रसव में काफी जटिलताएं थीं। लेकिन एक महीने पहले ही इंटर्नशिप शुरू करने वाले विपिन के पास किस्मत से सर्जिकल ब्लेड और पट्टियां थीं। इसके अलावा वो व्हाट्सऐप पर अपने कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स के सम्पर्क में थे जिन्होंने मुश्किल प्रसव के दौरान उनकी मदद की। 24 साल के विपिन खडसे ने इस घटना के बारे में बीबीसी को विस्तार से बताया
महिला की स्थिति ठीक नहीं थी और बहुत सारा पानी शरीर से निकल चुका था इसलिए उसे बीच-बीच में पानी पिलाया जा रहा था। इसके अलावा रेजिडेंट डॉक्टर्स फोन पर लगातार मुझसे बात कर रहे थे। एक महिला यात्री को डिलीवरी कराने का कुछ अनुभव था। जब मैं कट लगा रहा था तो दो महिलाएं अपनी उंगलियों से वजाइना को दोनों तरफ चौड़ा करने की कोशिश कर रही थीं और एक महिला शिशु को बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी। किसी तरह हम शिशु को बाहर निकालने में सफल हो गए। लेकिन एक तो खासी गर्मी पड़ रही थी, दूसरे जनरल बोगी थी और उमस भी काफी थी।
नवजात की सांस नहीं चल रही थी
ऐसी स्थिति में नवजात बच्चा ठीक से सांस नहीं ले पा रहा था। पैदा होने के बाद वो रोया भी नहीं था। मैंने तुरंत शिशु विशेषज्ञ डॉक्टर को कॉल किया तो उन्होंने बच्चे की पीठ पर थपकी देने और उसके गले में फंसी चीजों को साफ करने की सलाह दी। आखिरकार रुक-रुक कर सांस लेने के बाद उसकी सांस सामान्य चलने लगी। बच्चे को बाहर निकालने के बाद मैं महिला का खून बहने से रोकने की कोशिश कर रहा था। बच्चे के सांस चलने पर मेरा ध्यान नहीं गया था। मैंने स्टेराइल रोल बैंडेज और ट्रेनों में मिलने वाली ठंडी पानी की बोतलों से खून रोकने में कामयाबी हासिल की। जब खून बंद हुआ तब देखा कि बच्चे की सांस बहुत रुक-रुक कर चल रही थी। सबसे ज्यादा राहत तब मिली जब प्रसव हो गया और बच्चा भी सांस लेने लगा। उस समय पूरे कम्पार्टमेंट के लोग एक परिवार की तरह काम कर रहे थे, मुझे किसी चीज की जरूरत होती थी वो मुझे तुरंत मुहैया की जा रही थी। नागपुर स्टेशन पर एम्बुलेंस और डॉक्टर की टीम खड़ी थी और जैसे ही ट्रेन रुकी जच्चा-बच्चा को एम्बुलेंस में ले जाया गया, महिला को तुरंत ड्रिप चढ़ाई गई।खुशी के इस माहौल में नवजात के पिता ने आकर मेरे हाथ पर 101 रुपये रख दिए। जब मैंने अपने कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स को सूचना दी तो उन्होंने जश्न मनाना शुरू कर दिया। मेरे टीचर ने शोल्डर प्रजेंटेशन जैसे जटिल प्रसव को सफल तरीके से कराने के लिए मेरी सराहना की और बधाई दी।
इसलिए किया डॉक्टर बनने का फैसला…
विपिन ने इसे साथी यात्रियों, महिलाओं, डॉक्टरों, रेलवे कर्मचारियों और मदद करने वाले सभी लोगों की कामयाबी बताया। हालांकि उसके बाद उस परिवार से दोबारा सम्पर्क नहीं हो पाया, लेकिन वहां के कुछ जानने वालों ने उन्हें फोन कर बधाई दी। विपिन बताते हैं कि उनके पिता किसान हैं और उनके इलाके में डॉक्टर बहुत कम हैं, इसीलिए इस पेशे में आने का उन्होंने फैसला किया। एक साल की इंटर्नशिप के बाद उन्हें एमबीबीएस की डिग्री मिल जाएगी और वो पेशेवर डॉक्टर हो जाएंगे।





