चंडीगढ़ एयरपोर्ट से यात्रा करने वालों के लिए बड़ी खबर

सर्दियों के मौसम में चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वालों के लिए बड़ी खबर है। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने विंटर (27 अक्टूबर से 28 मार्च) का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत, एयरपोर्ट से चार नई उड़ानें शामिल की गई हैं। अब यहां से प्रतिदिन 53 घरेलू और दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होंगी। ट्राइसिटी के लोगों को अभी नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इंतजार करना होगा, जबकि लेह, नार्दन गोवा, हिसार के लिए नई उड़ानें जोड़ी गई हैं, जो 20 नवंबर से उड़ान भरेंगी। एयरलाइंस ने बुकिंग भी शुरू कर दी है। वहीं, कुल्लू के लिए भी उड़ानें शुरू की जा रही हैं, लेकिन तारीख की घोषणा अभी बाकी है।

अन्य राज्यों से आने वाली 5 उड़ानें एप्रन क्षेत्र में होंगी पार्क
रात में अन्य राज्यों से आने वाली 5 उड़ानें एयरपोर्ट के एप्रन एरिया में पार्क होंगी, जो अगली सुबह यहां से उड़ान भरेंगी। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पहली उड़ान सुबह 5:20 बजे और हैदराबाद से आखिरी उड़ान रात 11:40 बजे एयरपोर्ट पर उतरेगी। हालांकि अयोध्या और नांदेड़ साहिब के लिए उड़ानें संचालित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कोई भी एयरलाइन दोनों धार्मिक स्थलों के लिए उड़ानें संचालित करने को तैयार नहीं है। एयरपोर्ट के सी.ई.ओ. अजय वर्मा ने बताया कि जिन एयरलाइनों ने नई उड़ानें शुरू की हैं, उन्होंने बुकिंग शुरू कर दी है, जबकि कुछ के लिए कागजी कार्रवाई चल रही है। उनकी बुकिंग भी जल्द ही शुरू हो जाएगी।

हिसार का सफर कम हुआ
ट्राईसिटी के लोग चंडीगढ़ से हिसार एक घंटे में पहुंच जाएंगे, क्योंकि एलायंस एयर 22 नवंबर से एयरपोर्ट से हिसार के लिए रोजाना एक नई उड़ान शुरू कर रहा है, जो चंडीगढ़ से सुबह 11:10 बजे रवाना होकर दोपहर 12:10 बजे हिसार पहुंचेगी और हिसार से दोपहर 12:35 बजे रवाना होकर दोपहर 1:35 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसके लिए यात्रियों को 2574 रुपये देने होंगे, जो फ्लेक्सी-फेयर के आधार पर बढ़ेंगे।

चंडीगढ़-लेह उड़ान के लिए देने होंगे 6763 रुपये
चंडीगढ़ से लेह के लिए सर्दियों के शेड्यूल में एक नई उड़ान जोड़ी गई है। यह लेह से सुबह 10:10 बजे रवाना होगी और रात 11:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी, जबकि चंडीगढ़ से रात 11:45 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:50 बजे लेह पहुंचेगी। यात्रियों को इस उड़ान के लिए 6763 रुपये देने होंगे।

चंडीगढ़-नॉर्दन गोवा उड़ान दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी
चंडीगढ़ से नॉर्दन गोवा के लिए उड़ान दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी और शाम 5:20 बजे गोवा पहुंचेगी, जबकि उत्तरी गोवा से उड़ान दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी और दोपहर 3:50 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यात्रियों को इसके लिए 6773 रुपये देने होंगे, जो फ्लेक्सी किराए के आधार पर बढ़ जाएगा।

रात में हवाई अड्डे पर 5 विमान खड़े रहेंगे
सर्दियों के शेड्यूल में अन्य राज्यों से आने वाली 5 उड़ानें रात में खड़ी रहेंगी। ये सभी उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की हैं, जो रात में एयरपोर्ट पर रुकेंगी और सुबह उड़ान भरेंगी। इन उड़ानों में मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद से आने वाली उड़ानें शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button