घाटी में बादाम की तुड़ाई शुरू, किसानों की मेहनत लाई रंग, पुलवामा की वादियों से खास तस्वीरें

पुलवामा में इस साल बादाम की तुड़ाई शुरू हो गई है, जहां किसान अच्छी फसल और गुणवत्ता से उत्साहित हैं। वे उचित बाजार मूल्य और बेहतर बिक्री व्यवस्था की उम्मीद कर रहे हैं।

कश्मीर घाटी के पुलवामा जिले में इन दिनों बादाम की तुड़ाई पूरे शबाब पर है। जैसे ही अगस्त की शुरुआत हुई, खेतों और बागो में हलचल बढ़ गई। किसान, महिलाएं और बच्चे सभी इस पारंपरिक काम में जुटे हैं। खेतों में चारों ओर छाते पेड़, पकी हुई फसल और जमीन पर बिछे बादाम के ढेर एक खूबसूरत नजारा हैं।

यह फसल पुलवामा की आर्थिक रीढ़ मानी जाती है। जिले के अवंतीपोरा, त्राल, पिंगलाना और काकापोरा इलाकों में बादाम के बड़े बाग हैं।

इस साल मौसम ने भी साथ दिया। जनवरी-फरवरी में हुई बर्फबारी और समय पर बारिश ने फसल को संजीवनी दी। पेड़ों में फूल भी खूब लगे और बादाम का आकार भी संतोषजनक रहा।

हालांकि कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और असमय बारिश की वजह से नुकसान की खबरें भी आई हैं, लेकिन कुल मिलाकर किसान फसल से संतुष्ट हैं।

Back to top button