घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, कटऑफ मेरिट की जानकारी मोबाइल पर SMS के जरिये दी जाएगी

लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज में प्रवेश के लिए नई व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई जा रही है, जिसमें दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को दौड़भाग नहीं करनी पड़ेगी। बल्कि वह घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। कटऑफ मेरिट की जानकारी मोबाइल पर एसएमएस भेजकर दी जाएगी। इसको लेकर मंथन चल रहा है। हालांकि, अभी इस पर निर्णय नहीं लिया जा सका है। प्रबंध समिति प्रक्रिया को लेकर अंतिम निर्णय लेगी।

माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में 23076 छात्र व छात्राएं पास हुए हैं, जिसमें 11699 बालक व 11377 बालिकाएं शामिल हैं। अब इन्हें स्नातक की पढ़ाई करने के लिए डिग्री कॉलेजों में दाखिला लेना है। इसको लेकर उन्हें खासी दौड़भाग करनी है। उच्च शिक्षण संस्थानों की कमी के कारण युवाओं को भटकना पड़ेगा। सिफारिशों का दौर चलेगा। बालिकाओं के लिए जिले में एक भी राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेज नहीं हैं। निजी महाविद्यालय में मंहगी फीस भरना मुश्किल होता है। ऐसे में शहर स्थित लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज में एडमिशन को लेकर दबाव बढ़ेगा। जिससे कई तरह की समस्याएं सामने आएंगी। ऐसे में महाविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने की तैयारी की है। छात्रों को सहूलियत देने के लिए नई व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा चल रही है।

मुख्य नियंता डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने को लेकर भौतिक विज्ञान विभाग में बैठक बुलाई गई, जिसमें कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. वंदना सारस्वत, पूर्व प्राचार्य डॉ. हरि प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. विश्वदीपक सहित अन्य शामिल हुए। प्रस्ताव प्रबंध समिति के समक्ष रखेंगे। इसके अलावा लाइब्रेरी की मैनुअल व्यवस्था को समाप्त कर ऑनलाइन व्यवस्था लागू की जाएगी।

Back to top button