घर पर इन आसान रेसिपी से बनाएं एकदम क्रीमी व्हाइट सॉस पास्ता

व्हाइट सॉस पास्ता एक ऐसी डिश है जो बच्चों से लेकर बड़ों तक, सबकी पसंदीदा है। इसे एक स्पेशल सॉस और सीजनिंग्स के साथ बनाया जाता है, जो इसे खास स्वाद देते हैं।

ऐसे में अक्सर हमें लगता है कि रेस्टोरेंट जैसा क्रीमी और मखमली स्वाद घर पर नहीं आ सकता, लेकिन कुछ छोटी ट्रिक्स के साथ आप इसे अपनी किचन में भी लाजवाब बना सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर परफेक्ट क्रीमी व्हाइट सॉस पास्ता बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री
पास्ता उबालने के लिए-
पास्ता- 2 कप
पानी- 4-5 कप
नमक- 1 छोटा चम्मच
तेल- 1 छोटा चम्मच

सॉस और सब्जियों के लिए-
मक्खन- 2 बड़े चम्मच
मैदा- 2 बड़े चम्मच
दूध- 2 कप
लहसुन- 1 बड़ा चम्मच (बारीक कटा हुआ)
सब्जियां- कटी हुई शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न, गाजर और ब्रोकली
काली मिर्च पाउडर- ½ छोटा चम्मच
चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो- 1-1 छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
चीज- 2 स्लाइस या कद्दूकस किया हुआ

बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पानी उबालें। जब पानी उबलने लगे, तो उसमें नमक, तेल और पास्ता डालें और इसे 80-90% तक ही पकाएं। पकने के बाद पानी छान लें और पास्ता पर थोड़ा ठंडा पानी डालें ताकि वह आपस में चिपके नहीं।
एक कड़ाही में थोड़ा-सा मक्खन या तेल गरम करें। इसमें बारीक कटा लहसुन डालें और हल्का सुनहरा होने दें। अब अपनी पसंद की सब्जियां डालें और मध्यम आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें। सब्जियों में क्रंच बना रहना चाहिए। इन्हें एक प्लेट में निकाल लें।
यह स्टेप सबसे जरूरी है। अब एक कड़ाही में 2 बड़े चम्मच मक्खन डालें। मक्खन पिघलते ही इसमें 2 बड़े चम्मच मैदा डालें और धीमी आंच पर मैदा को लगातार चलाते हुए भूनें। ध्यान रहे मैदा का रंग भूरा नहीं होना चाहिए, बस उसका कच्चापन निकल जाना चाहिए।
अब इसमें धीरे-धीरे दूध डालें और दूसरे हाथ से व्हिस्क या चम्मच से चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें। इसे तब तक पकाएं जब तक सॉस गाढ़ा और मखमली न हो जाए।
जब सॉस गाढ़ा हो जाए और चम्मच के पीछे चिपकने लगे, तो इसमें भुनी हुई सब्जियां, काली मिर्च पाउडर, चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो और नमक डालें। अगर आप पास्ता को एक्स्ट्रा क्रीमी बनाना चाहते हैं, तो इसी समय चीज डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
अब इसमें उबला हुआ पास्ता डालें और हल्के हाथों से टॉस करें, ताकि हर पास्ता सॉस में अच्छी तरह लिपट जाए। अगर सॉस बहुत ज्यादा गाढ़ा लग रहा हो, तो पास्ता उबालने वाला बचा हुआ थोड़ा सा पानी डालकर कंसिस्टेंसी ठीक करें।

Back to top button