‘घबराहट में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की खरीदारी न करें लोग’: केंद्र सरकार

केंद्र सरकार ने शनिवार को लोगों से अपील की कि वह पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी करने से बचें। सरकार ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से चलते आई बाधा के बावजूद ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति है और स्थिति नियंत्रण में है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों को केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और ऊर्जा की बचत करने की सलाह दी गई है।

सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलिंडर और पाइप से मिलने वाली रसोई गैस (पीएनजी) को प्राथमिकता दी है। मांग को संतुलित करने और आपूर्ति बढ़ाने के लिए रिफाइनरियों का उत्पादन बढ़ाया गया है और गैस सि¨लडर भरवाने के बीच का अंतराल भी बढ़ाया गया है।

केंद्र ने कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सख्ती बढ़ाई गई है। अब तक देशभर में 3,700 से अधिक छापेमारी की गई हैं। एलपीजी वितरकों को लगभग 1,000 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं और 27 डीलरशिप निलंबित की जा चुकी हैं।

Back to top button