गोरखपुर : बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई प्लाज्मा थेरेपी, दो डॉक्टरों ने किया दान

गोरखपुर। कोरोना वायरस से ग्रसित लोगों को अब गोरखपुर के बाबा राघवदास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज में भी प्लाज्मा थेरेपी की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। अब कोरोना संक्रमितों का इलाज आसान हो गया है। बताया जा रहा है कि दो डॉक्टरों ने प्लाज्मा दान किया है। हालांकि अब तक इसे किसी संक्रमित को चढ़ाया नहीं गया है।
कोरोना संक्रमितों के इलाज में प्लाज्मा थेरेपी काफी कारगर साबित हुई है। गंभीर मरीजों की जान इसी थेरेपी से बच रही है। लखनऊ के केजीएमयू और पीजीआई में प्लाज्मा थेरेपी के जरिए संक्रमितों का इलाज हो रहा है। इसको देखते हुए शासन ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज को भी प्लाज्मा थेरेपी शुरू करने का निर्देश दिया था। इसी के तहत बीआरडी प्रशासन ने कवायद शुरू की है।
बीआरडी में नहीं है एफ्रेसिस मशीन
प्लाज्मा थेरेपी के लिए एफ्रेसिस मशीन की जरूरत पड़ती है लेकिन बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एफ्रेसिस नहीं है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शासन से मशीन की मांग की है। लेकिन तात्कालिक तौर पर बीआरडी प्रशासन ने प्लाज्मा दान के लिए फातिमा अस्पताल के ब्लड बैंक का सहारा लिया है। यहां एफ्रेसिस मशीन है। संक्रमित लोग यहीं पर प्लाज्मा दान कर सकेंगे। वहां से प्लाज्मा का पैकेट बीआरडी लाया जा रहा है।
इन दो चिकित्सकों ने किया प्लाज्मा दान
गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के अलावा एक निजी अस्पताल के चिकित्सक ने प्लाज्मा दान किया है। इसमें एक बीआरडी के मानसिक रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. तपस आईच व दूसरे निजी चिकित्सक डॉ. नीरज श्रीवास्तव शामिल हैं। दोनों डॉक्टर दो महीने पहले संक्रमित हुए थे और अब संक्रमण से उबर चुके हैं। प्रत्येक से 400 मिलीलीटर प्लाज्मा लिया गया है। इसे प्रिजर्व कर लिया गया है। अब इसे कोरोना वायरस से ग्रसित गंभीर मरीजों के चढ़ाया जाएगा। चढ़ाने से पहले इस बात की जरूर जांच की जाएगी कि प्लाज्मा मरीज के शरीर के लिए उपयुक्त है या नहीं।
निगेटिव होने के 28 दिन बाद दे सकेंगे प्लाज्मा
बीआरडी के मेडिसिन विभाग के डॉ. राजकिशोर सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमित हो चुके मरीज के निगेटिव होने के बाद 28 दिन तक इंतजार किया जाता है। 29वें दिन से ही ठीक हुआ मरीज अपने ब्लड से प्लाज्मा देने की स्थिति में होता है। उसकी बॉडी में विकसित हुए एंटीबॉडी तत्व प्लाज्मा के सहारे कोरोना से संक्रमित मरीज के शरीर में पहुंचते हैं।
The post गोरखपुर : बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई प्लाज्मा थेरेपी, दो डॉक्टरों ने किया दान appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





