गोंडा : सीएम योगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के​ जरिए की विकास कार्यों की समीक्षा

गोंडा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देवीपाटन मण्डल के जनप्रतिनिधियों, मण्डलायुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त एसवीएस रंगाराव ने 50 करोड़ रुपए से ऊपर की निर्माण परियोजनाओं, विकास कार्यों, कोविड-19 के प्रबंधन एवं अन्य विकास कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी।

मण्डलायुक्त ने बताया कि मण्डल में 50 करोड़ से अधिक लागत की कुल 12 परियोजनाएं संचाालित हैं। जिनमें जनपद गोण्डा में 05, बलरामपुर में 03, तथा श्रावस्ती व बहराइच में 2-2 परियोजनाएं हैं। उन्होंने बताया कि सभी परियोजनाओं की कुल लागत 1493.2 करोड़ है जिसकेे सापेक्ष शासन से अब तक 964.57 करोड़ रूपए की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है।
ये भी पढ़ें- मैनचेस्टर सिटी फुटबॉल क्लब से जुड़े गायक हार्डी संधू, फैंस ने की जमकर तारीफ
उन्होंने बताया कि फरेन्दा-जरवल मार्ग के चैनेज 187.60 से चैनेज 234.00 तक 46.40 किलोमीटर की स्वीकृत लागत 385.006 करोड़ से फोरलेन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है जिसका लगभग 94 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य में डुमरियागंज-गौराचैकी-मसकनवा-कटरा अयोध्या मार्ग के चौड़ीकरण कार्य 55.44 करोड़ की लागत से 26.630 किलोमीटर कराया जा रहा है। इस कार्य को अक्टूबर 2020 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी प्रकार 26.300 किलोमीटर लम्बे गोण्डा-बेलसर उमरीबेगमगंज मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य 51.46 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है। आयुक्त ने बताया कि जनपद गोण्डा में 500 शैयायुक्त राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए शासन द्वारा 250.32 करोड़ रूपए का बजट स्वीकृत किया गया है। जिसके सापेक्ष 20 करोड़ की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है।
बताया कि गोण्डा में श्रम विभाग द्वारा संचालित होने वाले अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण प्रान्तीय खण्ड लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। जिसकी स्वीकृत लागत 71.40 करोड़ के सापेक्ष 10 करोड़ रूपए की धनराशि शासन द्वारा अवमुक्त की गई है।
ये भी पढ़ें- IPL 2020 MI vs CSK: क्या मुंबई फिर चेन्नई पर पड़ेगी भारी, जानिए दादा का जवाब
जनपद बलरामपुर में 56.09 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 24.6 किलोमीटर लम्बे तुलसीपुर कोयलावासा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकीरण का कार्य लगभग 85 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि 120.72 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 220के.वी. विद्युत उपकेन्द्र बलरामपुर एवं सम्बन्धित लाइनों का निर्माण कार्य 50 प्रतिशत पूर्ण हो गया है तथा शासन द्वारा स्वीकृत लागत के सापेक्ष 46.60 करोड़ रूपए अवमुक्त किए गए हैं।
समीक्षा में आयुक्त ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जनपद बलरामपुर में 85.12 करोड़ रूपए की लागत से 300 शैयायुक्त अटल बिहारी बाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय परिसर किंग जार्ज यूनिवर्सिटी एट बलरामपुर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि स्वीकृत लागत के सापेक्ष 20 करोड़ रूपए शासन से अवमुक्त किया जा चुका है। जनपद श्रावस्ती में निर्माणाधीन जिला कारागार का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा शासन से स्वीकृत लागत 99.05 करोड़ के सापेक्ष 94.10 करोड़ रूपए की धनराशि प्राप्त हो चुकी है तथा कार्यदायी संस्था द्वारा आगामी दिसम्बर तक भवन हैण्डओवर कर दिये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
श्रावस्ती में पर्यटन को बढ़ावा देने के दृष्टिगत स्वदेश दर्शन योजना में बौद्ध सर्किट के निर्माण आयुक्त ने बताया कि राजकीय निर्माण निगम द्वारा 51.23 करोड़ रूपए की लागत से बौद्ध सर्किट का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। आयुक्त ने बताया कि 132केवी विद्युत उपकेन्द्र कैसरगंज एवं सम्बन्धित लाइनों का निर्माण कार्यदायी संस्था विद्युत पारेषण खण्ड के माध्यम से 69.75 करोड़ रूपए की लागत से कराया जा रहा है तथा निर्माण का कार्य लगभग 57 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। शासन से स्वीकृत लागत के सापेक्ष 37.86 करोड़ रूपए अवमुक्त किए गए हैं।
बहराइच में महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कालेज के निर्माण में आयुक्त ने बताया कि कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम द्वारा मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मेडिकल कालेज के निर्माण हेतु शासन द्वारा 197.56 करोड़ रूपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिसके सापेक्ष 187.68 करोड़ रूपए अवमुक्त किए जा चुके हैं तथा मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य 98 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
बताया कि अमृत योजना मण्डल के जनपद बहराइच में संचालित है। इस योजना के अन्तर्गत जलापूर्ति एवं पार्क निर्माण की योजना स्वीकृत है। कार्यदायी संस्था जल निगम बहराइच द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अमृत योजना पेयजल के लिए शासन से 71.97 करोड़ रूपए का बजट स्वीकृत किया गया, जिसके सापेक्ष 40.43 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण करा लिया गया है। इसी तरह बाढ़ राहत कार्य, किसानों के बकाया गन्ना भुगतान की भी समीक्षा की गई।
The post गोंडा : सीएम योगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के​ जरिए की विकास कार्यों की समीक्षा appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button