गोंडा: गेहूं की मड़ाई करते समय अज्ञात कारणों से लगी आग ने 40 बीघा गेहूं राख, ट्रैक्टर ट्राली व थ्रेसर भी जला

 गेहूं की मड़ाई करते समय अज्ञात कारणों से लगी आग ने तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग की लपटों ने आसपास के 40 बीघे गेहूं की फसल व आठ बीघे पेड़ी गन्ने को अपने आगोश में ले लिया। वहीं ट्रैक्टर, थ्रेसर व ट्रॉली का टायर भी जल गया। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

रविवार की दोपहर छपिया थाना क्षेत्र के चुवाड़ गांव निवासी भोनू खेत में थ्रेसर से गेहूं की मड़ाई कर रहा था। इसी बीच अज्ञात कारणों से लगी आग ने आसपास लगी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग की लपटों ने ट्रैक्टर थ्रेसर व ट्रॉली को अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार गुहार सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए लेकिन, तेज हवा से आग फैलती गई। जिससे चुवाड़ के भोनू, विजय कुमार, सिसई रानीपुर के निवासी साधु, रामलाल, राजकिशोर, अशोक कुमार, परदेसी, गंगाराम, राजकिशोर, राजेश वर्मा, त्रिलोकी की 40 बीघे गेहूं की फसल व आठ बीघे पेड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने मौके का मुआयना कर नुकसान का जायजा लिया। लेखपाल अजय कुमार भारती व सुरजीत कुमार ने बताया कि लगभग 11 किसानों की गेहूं की फसलें व आठ बीघे पेड़ी गन्ने की फसल जली है। नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।

उधर, कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोमाकलपी टेपरा में कालिका प्रसाद के फूस के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया। ग्रामीण जब तक जुटते तब तक पूरा घर जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में कपड़े, गृहस्थी के सामान, नकदी, खाद्यान्न जल गया। दो मवेशी भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पीड़ित के घर आगामी दो मई को तिलक समारोह भी होना है जिसके लिए परिवार ने सभी जरूरी इंतजाम किए थे। सूचना लेखपाल को दी गई है।

Back to top button