गूगल अर्थ पर दिखेंगी 515 ग्राम पंचायतें, जानिए क्या है कान्हा की नगरी में योजना

आगामी दिनों में महज एक क्लिक पर आप मथुरा जिले की ग्राम पंचायतों को हाल देख सकेंगे। करीब 515 ग्राम पंचायतों को गूगल अर्थ पर सर्च किया जा सकेगा। इसका मुख्य मकसद तालाबों की स्थिति को जानना है। सरकार जल्द इनकी मार्किंग शुरू कराने जा रही है। 20 जून से इस कार्य का आरंभ होने जा रहा है।
सिस्टम में पारदर्शिता और अपग्रेडेशन के लिए यह काम शुरू होने जा रहा है। इस नई पहल से शहर में ग्राम पंचायतों की लोकेशन और वहां के तालाबों का हाल देखा जा सकेगा। डिप्टी कमिश्नर मनरेगा एसआर यादव ने बताया कि ग्राम पंचायतों की मार्किंग का मुख्य मकसद तालाबों का संरक्षण है। कारण जिले के कई इलाकों में पानी की किल्लत है। खारे पानी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। इसलिए जल संरक्षण को नए तालाब खोदना और पुरानों को संवारना योजना में पहले से ही है। इसका पूरा खाका खींचा जा चुका है। अब जिन क्षेत्रों में तालाब खोदे जाएंगे, वहां की बकायदा मार्किंग भी होगी। जिससे उन्हें गूगल अर्थ की एप्लीकेशन पर सर्च किया जा सकेगा। वहां की लोकेशन जानी जा सकेगा। इससे पानी की समस्या पर काफी हद तक लगाम लग सकेगी।
ये है गूगल अर्थ
गूगल अर्थ एप्लीकेशन वास्तविक भूमंडल चित्रण का एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसे शुरुआत में अर्थ व्यूअर का नाम दिया गया था। इसे कीहोल इंक ने तैयार किया था। बाद में इसे गूगल ने अधिग्रहीत कर लिया। यह उपग्रह चित्रावली, हवाई छायांकन, भौगोलिक सूचना प्रणाली 3 डी भूमंडल से प्राप्त चित्रों का अध्यारोपण करते हुए धरती का चित्रण करता है। इस एप को गूगल प्ले स्टोर और आइओएस से डाउनलोड किया जा सकता है।





