गिरीश कर्नाड को पीएम नरेंद्र मोदी की श्रद्धांजलि, शोक में डूबे फिल्म जगत के सितारे

सिनेमाजगत में 49 साल तक राज करने वाले एक्टर गिरीश कर्नाड (Girish Karnad) अब हमारे बीच नहीं रहे। गिरीश कर्नाड के निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है। गिरीश लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनका निधन हो गया। गिरीश के निधन की खबर मिलते ही राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित बॉलीवुड की कई हस्तियों ने एक्टर को सोशल मीडिया पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा- ‘लेखक, अभिनेता और भारतीय रंगमंच के सशक्त हस्ताक्षर गिरीश कर्नाड के देहावसान के बारे में जानकर दुख हुआ है। उनके जाने से हमारे सांस्कृतिक जगत की अपूरणीय क्षति हुई है। उनके परिजनों और उनकी कला के अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।’

राष्ट्रपति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गिरीश कर्नाड के निधन पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया- ‘गिरीश कर्नाड को सभी माध्यमों में उनके बहुमुखी अभिनय के लिए याद किया जाएगा। उनके काम आने वाले वर्षों में लोकप्रिय होते रहेंगे। उनके निधन से दुखी हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’

सोनम कपूर ने भी गिरीश कर्नाड को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी। सोनम कपूर ने लिखा- ‘भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। मुझे उनका काम बहुत पसंद था।’ वहीं श्रुति हासन ने ट्वीट किया- ‘भगवान आपकी आत्मा को शांति दे गिरीश कर्नाड सर। आपका हास्य हमेशा याद किया जाएगा।’

मधुर भंडारकर ने लिखा- ‘गरीश कर्नाड के निधन की खबर से बहुत दुखी हूं। वह हमेशा अपने काम की वजह से याद किए जाएंगे। वह थियेटर पर्सनालिटी, फिल्म एक्टर और डायरेक्टर थे। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्त और फैंस के साथ हैं।’