गाजर की खेती ने किया कमाल किसान हुए मालामाल

जिले के बोहण गांव के किसान कभी बदहाली का जीन जीने को विवश थे। दिन-रात की कड़ी मेहनत और बड़ी लागत के बावजूद भारी नुकसान से कर्ज के दलदल में फंसते जा रहे थे। फिर उन्‍होंने सोच बदली और खेती के नए तरीके ने कमाल कर दिया और किसान मालामाल होने लगे। उन्‍होंने परंपरागत खेती छोड़ और नकदी फसल की खेती कर खुशहाल होने का तरीका अपनाया।

दरअसल यहां के किसान पहले आलू की फसल बीजते थे। दस साल पहले आलू के दाम बहुत ज्यादा गिरे तो किसानों को लाखों का घाटा सहना पड़ा। फिर उन्होंने गाजर की खेती शुरू कर दी जिससे अब अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। गांव के किसान गुरचरण सिंह मिंटा बताते हैं कि जब गाजर की पहली फसल उगाई तो अच्छी पैदावार हुई। फिर विशेषज्ञों से खेती की अच्छी तकनीक पूछी।

मिंटा ने बताया कि कृषि विशेषज्ञों ने तब जायजा लिया तो पाया कि जमीन गाजर की फसल के लिए काफी अनुकूल है। इसके बाद गांव के किसानों ने आलू की परंपरागत खेती छोड़कर गाजर की फसल को अपनाया। अब इलाके के सात गांवों में गाजर की खेती हो रही है। सिर्फ गांव बोहण में दो हजार एकड़ में गाजर की खेती की जाती है। इलाके के शेरगढ, मोना कलां, फुगलाना, पट्टी, फदमां आदि गांवों में भी गाजर की खेती हो रही है।

Back to top button