गांधी जयन्ती के उपलक्ष्य में सीएमएस शिक्षकों की ‘प्रभात फेरी’ आज

कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को करेंगी रवाना

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के लगभग 3000 हजार शिक्षक-शिक्षिकाएं व कार्यकर्ता गाँधी जयन्ती एवं अन्तर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस की पूर्व संध्या पर कल 1 अक्टूबर, सोमवार को प्रात 7.30 बजे से विशाल ‘प्रभात फेरी’ निकालकर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के विचारों को पूरे विश्व में प्रवाहित करेंगे। सी.एम.एस. शिक्षकों की प्रभात फेरी गोमती नगर विस्तार स्थित मकदूमपुर पुलिस चौकी से सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम तक निकाली जायेगी। श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, कैबिनेट मंत्री, महिला एवं परिवार कल्याण, उ.प्र. झंडी दिखाकर सी.एम.एस. शिक्षकों की प्रभात फेरी को रवाना करेंगी। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस विशाल प्रभात फेरी का नेतृत्व सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी व डा. भारती गाँधी, सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन एवं सी.एम.एस. के डायरेक्टर ऑफ स्ट्रेटजी, रोशन गाँधी द्वारा किया जायेगा जबकि सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पस की प्रधानाचार्याओं समेत बहुत बड़ी संख्या में साहित्यकार, पत्रकार, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी व अन्य प्रबुद्ध जन आदि अपनी भागीदारी दर्ज करायेंगे।

‘सूचना एवं प्रसारण तकनीक मेला (आई.बी. टेक फेयर)’ भी लगाया जायेगा

श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम पहुँचकर सी.एम.एस. शिक्षकों की प्रभात फेरी एक भव्य समारोह में परिवर्तित हो जायेगी। समारोह में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा बापू के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला जायेगा, साथ ही विभिन्न में एकता को दर्शाती हुई भारत की साँस्कृतिक विरासत को दर्शाया जायेगा। श्री शर्मा ने बताया कि इसके अलावा सी.एम.एस. के फिल्म्स एवं रेडियो डिवीजन के तत्वावधान में ‘सूचना एवं प्रसारण तकनीक मेला (आई.बी. टेक फेयर)’ का आयोजन दोपहर 12.00 बजे से सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित मुख्य अतिथि होंगे। इस टेक्नोलॉजी फेयर के अन्तर्गत स्टिल फोटोग्राफी, फोटो गैलरी, वीडियोग्राफी, एडीटिंग यूनिटी, साउण्ड एण्ड एल.ई.डी. सेक्शन, लेजर शो, कम्यूनिटी रेडियो, इंजीनियरिंग डिपार्टमेन्ट, फोटो आई.डी. यूनिट, मल्टीमीडिया एण्ड डिजाइनिंग यूनिट आदि के विभिन्न स्टाल लगाये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button