खेतों में पानी लगाने गए किसान को मार दी गई गोली, ये वजह आई सामने

हुसेनगंज थाने के देवरानार गांव में खेतों में पानी लगाने गए किसान को गोली मार दी गई। पुलिस की पूछताछ में हैंडपंप के विवाद में पांच लोगों को द्वारा घेरकर किसान की हत्या का मामले सामने आया है। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैली हुई है, पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को हिरासत में लिया है।

देवरानार गांव निवासी 60 वर्षीय राम मनोहर केवट ने शादी नहीं की थी। वह अपने भाइयों के परिवार के साथ रहते थे। सोमवार की देर रात वह परवल के खेत में पानी लगाने गया। खेत में कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह जब ग्रामीणों ने उनका रक्तरंजित शव खेत में पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। सूचना पर गांव आई पुलिस ने पूछताछ शुरू की।

सामने आया हैंडपंप का विवाद

पुलिस की पूछताछ में हैंडपंप को लेकर हुए विवाद में हत्या की बात सामने आई। राम मनोहर के भाई रामसुमेर ने गांव के पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। उसने आरोपितों से हैंडपंप में पानी भरने के विवाद की रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। थाना प्रभारी राजेश जायसवाल ने बताया एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है। हत्या के मामले में अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन की जा रही है।

Back to top button