क्यों शादी के बाद बढ़ जाता है महिलाओं का वजन?

आपने कई लोगों के मुंह से सुना होगा कि शादी के बाद महिलाओं का वजन बढ़ जाता है (Weight Gain after Marriage)। क्या ऐसा सच में होता है? कई महिलाओं के साथ ऐसा हो सकता है और इसके पीछे फिजिकल और इमोशनल कारण हो सकते हैं। इन्हीं वजहों के बारे में हम यहां बता रहे हैं। आइए जानें क्यों शादी के बाद महिलाओं का वजन बढ़ जाता है।
शादी के बाद महिलाओं के जीवन में कई बदलाव आते हैं। अपना घर छोड़कर किसी दूसरे घर जाना काफी तनाव भरा हो सकता है। वहीं रिश्ते में ठहराव मिलने के काफी खुशी का भी अनुभव होता है। नए जीवन की शुरुआत के उत्साह की तो क्या ही बात करें, लेकिन शादी के बाद कई महिलाओं का वजन बढ़ जाता है। इसे “हैप्पी वेट” भी कहा जाता है। लेकिन ऐसा क्यों होता है? क्यों शादी के बाद महिलाओं का वजन बढ़ने लगता है? इसके पीछे कई फिजिकल, मेंटल और इमोशनल कारण हो सकते हैं। आइए जानें इनके बारे में (Why Women Gain Weight After Marriage)।
लाइफस्टाइल में बदलाव
शादी से पहले महिलाएं अक्सर अपनी हेल्थ और फिटनेस पर ज्यादा ध्यान देती हैं, लेकिन शादी के बाद घर-परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। नौकरी, घर का काम, पति और घर के दूसरे सदस्यों की देखभाल की जिम्मेदारी ज्यादातर उन्हीं पर आता है। इसके चलते उनके पास एक्सरसाइज या डाइट पर ध्यान देने का समय नहीं बचता। इससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और वजन बढ़ने लगता है।
खान-पान की आदतों में बदलाव
शादी के बाद महिलाओं के खान-पान की आदतों में काफी बदलाव आ जाता है। उनके पति या परिवार के सदस्यों के खाने-पीने का तरीका अलग हो सकता है। इसलिए उनके साथ एडजस्ट करने के लिए महिलाएं अपने खाने-पीने की आदतों में कुछ बदलाव करने लगती हैं। साथ ही, शादी-ब्याह के दौरान तला-भुना, ज्यादा मीठा या फास्ट फूड खाने से कैलोरी इनटेक बढ़ जाता है। साथ ही, शादी के बाद कई महिलाएं खाने को बर्बाद होने से बचाने के लिए बचे हुए खाने को भी खा लेती हैं, जिससे एक्स्ट्रा कैलोरी शरीर में जमा हो जाती है।
हार्मोनल बदलाव
शादी के बाद गर्भनिरोधक गोलियों का इस्तेमाल, प्रेगनेंसी या इमोशनल स्टेबिलिटी के कारण हैप्पी हार्मोन्स बढ़ने जैसे हार्मोनल बदलाव हो सकते हैं। इससे शरीर का मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है और वजन बढ़ने लगता है।
स्ट्रेस और इमोशनल ईटिंग
शादी के बाद नए रिश्तों और जिम्मेदारियों के कारण तनाव बढ़ सकता है। कई महिलाएं इमोशनल ईटिंग की शिकार हो जाती हैं, यानी स्ट्रेस में ज्यादा खाने लगती हैं। चॉकलेट, आइसक्रीम या जंक फूड खाकर वे अपने इमोशन्स को शांत करने की कोशिश करती हैं, जिससे मोटापा बढ़ता है।
नींद की कमी
शादी के बाद कई महिलाओं की नींद पूरी नहीं हो पाती। चाहे घर-परिवार की देखभाल हो या ऑफिस और घर का काम, नींद की कमी से कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ता है, जो वजन बढ़ाने का कारण बनता है।
फिजिकल एक्टिविटीज में कमी
कुछ महिलाएं शादी के बाद खुद को सुरक्षित और स्टेबल महसूस करती हैं, जिससे वे एक्टिव लाइफस्टाइल को नजरअंदाज करने लगती हैं। पहले जितना वॉक या एक्सरसाइज नहीं हो पाता, जिससे फैट जमा होने लगता है।
शादी के बाद महिलाओं में वजन बढ़ने के पीछे ऐसे ही कुछ फिजिकल और इमोशनल कारण हो सकते हैं, जिन्हें समझकर वजन को कंट्रोल किया जा सकता है।