क्यों युवाओं को भा रही है उम्र में बड़ी महिलाएं? रिश्तों में बदलती पसंद की वजह समझा रहीं साइकियाट्रिस्ट

प्यार और रिश्तों के मामले में अक्सर देखा जाता है कि कम उम्र के पुरुष अपने से ज्यादा उम्र की महिलाओं की तरफ आकर्षित होते हैं। समाज में भले ही इसे अलग नजरिए से देखा जाता हो, लेकिन आकाश हेल्थ केयर की मनोरोग विशेषज्ञ (एसोसिएट कंसल्टेंट- साइकियाट्री) डॉ. पवित्रा शंकर के अनुसार, यह कोई हैरानी की बात नहीं बल्कि एक बेहद सामान्य मनोवैज्ञानिक प्रवृत्ति है।

मैच्योरिटी और कॉन्फिडेंस
डॉ. शंकर बताती हैं कि इस अट्रैक्शन का सबसे बड़ा कारण महिलाओं की इमोशनल मैच्योरिटी और उनके जीवन का गहरा अनुभव होता है। बड़ी उम्र की महिलाएं अक्सर कॉन्फिडेंस से भरी होती हैं और जीवन को लेकर उनकी सोच बेहद साफ होती है। वे रिश्तों को बहुत ही प्रैक्टिकल नजरिए से संभालती हैं। महिलाओं की यही समझदारी युवा पुरुषों को रिश्ते में स्थिरता और एक बेहतर समझ का एहसास दिलाती है।

इमोशनल सिक्योरिटी और मानसिक सुकून
कई बार युवा पुरुष अपने व्यक्तिगत या सामाजिक अनुभवों के कारण एक ऐसी इमोशनल सिक्योरिटी की तलाश में रहते हैं, जो उन्हें एक बड़ी उम्र की महिला के साथ आसानी से मिल जाती है। इसके अलावा, मैच्योर महिलाएं आपसी बातचीत और कम्युनिकेशन में बहुत बेहतर होती हैं। वे रिश्तों में बेवजह का ड्रामा या तनाव पैदा नहीं करती हैं। यह शांति और सुलझा हुआ व्यवहार युवा पुरुषों को मानसिक रूप से बहुत सुकून देता है।

समाज की बदलती सोच
आज के समय में सोशल मीडिया के प्रभाव और समाज की बदलती हुई सोच ने भी उम्र के अंतर वाले इन रिश्तों को काफी हद तक स्वीकार्य बना दिया है। हालांकि, डॉ. पवित्रा शंकर ने यह साफ किया है कि किसी भी रिश्ते की सफलता केवल उम्र के अंतर से तय नहीं होती। इस तरह के रिश्तों को लंबे समय तक कामयाब बनाने के लिए दोनों पार्टनर्स के बीच आपसी सम्मान, एक-दूसरे से स्पष्ट उम्मीदें और एक मजबूत इमोशनल स्टेबिलिटी होना सबसे ज्यादा जरूरी है।

Back to top button