क्या पटाखे से हुए नुकसान का इंश्योरेंस करता है भरपाई, क्या हैं इससे जुड़े नियम

पटाखों से होने वाले नुकसान पर इंश्योरेंस कवरेज को लेकर कई सवाल उठते हैं। आमतौर पर, होम इंश्योरेंस पॉलिसी आग से होने वाले नुकसान को कवर करती है। यदि पटाखे जलाने से घर में आग लगती है, तो इंश्योरेंस कंपनी भरपाई कर सकती है। जानबूझकर या लापरवाही से किए गए नुकसान को कवर नहीं किया जाता है।

दीवाली और अन्य त्योहारों में पटाखों का उपयोग खुशियों का प्रतीक माना जाता है, लेकिन अक्सर इनके चलते हादसे और चोटें भी सामने आती हैं। ऐसे में अब फायरक्रैकर इंश्योरेंस (Firecracker Insurance) आपकी आर्थिक सुरक्षा का एक बेहतर विकल्प बन सकता है।

बजाज फाइनेंस जैसी कई कंपनिया फायरक्रैकर इंश्योरेंस पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं, चोटों और विकलांगता की स्थिति में आर्थिक मदद करती है। यह पॉलिसी उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी है जो त्योहारों में या अन्य अवसरों पर खूब पटाखे फोड़ते हैं।

कितनी है कवरेज राशि और प्रीमियम?

ये पॉलिसी 549 रुपये से शुरू होती है जिसमें इस प्रीमियम पर ₹2 लाख तक का बीमा कवर मिलता है। इसमें स्थायी या आंशिक विकलांगता, अस्पताल में भर्ती खर्च और आय के नुकसान जैसी परिस्थितियों में सहायता दी जाती है।

कब मिलेगा विकलांगता पर कवर

अगर पटाखे के कारण स्थायी या आंशिक विकलांगता होती है, तो ₹1 लाख तक की कवरेज दी जाती है। यह सुविधा दोनों आंखों की दृष्टि खो देने, दोनों हाथों या दोनों पैरों के उपयोग की क्षमता खो देने, एक हाथ और एक पैर के उपयोग की क्षमता खो देने या एक आंख की दृष्टि और एक हाथ या पैर का उपयोग खो देने जैसी स्थितियों में लागू होती है।

इलाज का खर्च और एंबुलेंस कवर

दुर्घटना के बाद अस्पताल में भर्ती होने पर अधिकतम ₹2 लाख तक की चिकित्सा सहायता मिलती है। इसके अलावा, ₹25,000 तक के एंबुलेंस खर्च का भी कवरेज दिया जाता है।

आय के नुकसान पर भी राहत

अगर दुर्घटना के कारण व्यक्ति काम करने में असमर्थ हो जाता है, तो उसे साप्ताहिक ₹1,000 तक का मुआवजा दिया जा सकता है। यह सहायता तब तक दी जाती है जब तक व्यक्ति फिर से काम करने में सक्षम न हो जाए। इस पॉलिसी के तहत 3 महीने से 25 वर्ष तक की आयु के बच्चों को आश्रित के रूप में कवर किया जा सकता है।

मात्र 11 रुपये में पटाखा बीमा

फोनपे भी 11 रुपये (GST सहित) में पटाखा बीमा दे रहा है, खरीदार 25,000 रुपये तक की बीमा राशि प्राप्त कर सकते हैं और एक ही पॉलिसी के तहत अपने, अपने जीवनसाथी और अधिकतम 2 बच्चों सहित अपने पूरे परिवार को सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं।

कार-बाइक पर पटाखा बीमा

अगर आपकी कार या बाइक कंप्रीहेंसिव इंश्योरेंस पॉलिसी के तहत हो तो पटाखों के नुकसान पर क्लेम मिल सकता है। इस पॉलिसी में ब्लास्ट, फायर, बिजली गिरने या किसी बाहरी वजह से हुए नुकसान को कवर किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button