कौशाम्बी में बिकरू जैसी घटना : पुलिस टीम पर हमला, सब इंस्पेक्टर की मौत

जुबली न्यूज़ डेस्क 
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई है। एक सिपाही गम्भीर रुप से घायल है जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना कड़ा धाम के कछुआ गांव की है। बताया जा रहा है कि पुलिस बुधवार रात करीब आठ बजे सैनी क्षेत्र के कछुआ गांव में चोरी के एक मामले में दबिश देने गई थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी से ग्रामीणों की बहस हो गई और विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया।
बता दें कि, हमलावरों ने दारोगा की सर्विस रिवाल्वर और मोबाइल भी छीन लिया था। हालांकि पुलिस अधीक्षक अभिनंदन का कहना है कि दारोगा से छीनी गई रिवाल्वर को बरामद कर लिया गया है।

उनका कहना है कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए हमलावरों के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना के बाद तीन महिला समेत एक युवक को हिरासत में लिया है।
गौरतलब है कि कानपुर के बिकरू में हुए पुलिस हत्याकांड को अभी एक महीना ही हुआ है। ऐसे में कौशाम्बी में हुई ये घटना एकबार फिर सूबे की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही है।
यह भी पढ़ें : तो क्या मोदी सरकार विकास के लिए पर्यावरण की बलि दे रही है?
यह भी पढ़ें : डेंगू के इलाज में लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है

Back to top button