कौशाम्बी में पुलिस टीम पर हमला, सब इंस्पेक्टर व सिपाही घायल

कौशाम्बी। कौशाम्बी जिले के कड़ा धाम के कछुआ गांव में दबिश देने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला हुआ है। हमले में एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान सब इंस्पेक्टर की पिस्टल और मोबाइल भी गायब हो गया। पुलिस अधीक्षक ने इस घटना पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए कहा है क़ि हमलावरों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक़ कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के कई घरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर कड़ा धाम कोतवाली पुलिस टीम नरसिंहपुर कछुआ गांव में चोर को पकड़ने के लिए छापेमारी करने गई थी। इस दौरान पुलिस ने सिंटू नाम के एक युवक को हिरासत में ले लिया। युवक को हिरासत में लेने पर ग्रामीण भड़क गए और उनकी पुलिस से बहस होने लगी।

इसी दौरान युवक की मां फूलकली समेत कई महिलाओं और लड़कों ने पुलिस टीम पर ईट-पत्थर व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक सब इंस्पेक्टर और सिपाही को गंभीर चोटें आई, जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान सब इंस्पेक्टर की सर्विस रिवाल्वर और मोबाइल भी गायब हो गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

पुलिस टीम पर हमले की जानकारी होने पर महकमे में हड़कंप मच गया। कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ताबड़तोड़ छापेमारी कर तीन महिलाओं और एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। एसपी अभिनंदन ने दावा किया है कि सब इंस्पेक्टर की रिवाल्वर को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा क़ि पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गत माह कानपुर के बिकरू गांव में गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भी हमला किया गया था, जिसमें आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।

Back to top button