कौन हैं क्रिस्टोफर लानेव, ट्रंप ने सैन्य उप प्रमुख बनाने के लिए किया नामित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेफ्टिनेंट जनरल क्रिस्टोफर लानेव को सेना का नया उप प्रमुख नामित किया है। यह कदम जनरल जेम्स मिंगस की अचानक जगहबदली के रूप में देखा जा रहा है। कारण है कि मिंगस के कार्यकाल में अभी एक साल से ज्यादा का समय बाकी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर बड़े फेरबदल की तैयारी कर रहे हैं। इसके तहत उन्होंने अब लेफ्टिनेंट जनरल क्रिस्टोफर लानेव को अमेरिकी सेना का उप प्रमुख नियुक्त करने के लिए नामित किया है। फिलहाल इस पद पर जनरल जेम्स मिंगस तैनात हैं। उन्होंने यह जिम्मेदारी सिर्फ करीब दो साल पहले ही संभाली थी, जबकि आमतौर पर यह कार्यकाल तीन साल या उससे अधिक का होता है। मिंगस की जगह अचानक लानेव को नामित करना सैन्य हलकों में हैरानी का विषय बना हुआ है। यह जानकारी हाल ही में सामने आए कांग्रेस रिकॉर्ड्स से मिली है।

जनरल मिंगस के अचानक हटाए जाने को लेकर न तो सेना और न ही रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यालय की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी दी गई है। वहीं मिंगस के प्रवक्ता मेजर पीटर सुलजोना ने कहा कि मिंगस फिलहाल अपने कर्तव्यों का पालन करते रहेंगे और सैनिकों की भलाई व युद्ध तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

लानेव हैं रक्षा मंत्री के करीबी

लेफ्टिनेंट जनरल क्रिस्टोफर लानेव इस समय रक्षा मंत्री हेगसेथ के सैन्य सलाहकार के तौर पर कार्यरत हैं। माना जा रहा है कि यह नामांकन ट्रंप प्रशासन और हेगसेथ द्वारा सेना के शीर्ष स्तर पर किए जा रहे व्यापक बदलावों का हिस्सा है।

अमेरिकी सैन्य नेतृत्व में बदलाव

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में अमेरिकी सेना, नौसेना और वायुसेना के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने अचानक इस्तीफा दिया है या उन्हें हटा दिया गया है। जैसे कि कुछ दिन पहले, नौसेना के एडमिरल एल्विन होल्सी ने दिसंबर में समय से पहले रिटायरमेंट की घोषणा की। वहीं वायुसेना के जनरल थॉमस बुसिएरे और जनरल डेविड एल्विन ने भी हाल ही में निजी कारणों का हवाला देते हुए अचानक रिटायरमेंट ली।

अगस्त में डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जेफ्री क्रूज, नौसेना की वाइस एडमिरल नैन्सी लैकोर और स्पेशल वॉरफेयर कमांड के रियर एडमिरल मिल्टन सैंड्स को भी हटा दिया गया। इसके साथ ही अप्रैल में एनएसए प्रमुख जनरल टिम हॉ और नाटो में एक वरिष्ठ एडमिरल को भी अचानक पद से हटाया गया।

ट्रंप की सेना में सख्त पकड़

ट्रंप प्रशासन की दूसरी अवधि में सेना के शीर्ष अधिकारियों को लेकर कई बार विवाद हुआ है। पहले टर्म में नियुक्त जनरल मार्क मिले ने ट्रंप से मतभेद जताए थे, जिसके बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। ट्रंप ने अपने कार्यकाल के शुरुआत में ही जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल सीक्यू ब्राउन, नौसेना और वायुसेना के कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी हटा दिया था।

Back to top button