कोरोना ने सुधार दी लोगों की जिंदगी, जुलाई-अगस्‍त में स्‍वाइन फ्लू का एक भी मामला नहीं

लखनऊ। कोरोना संक्रमण काल जहां सरकार से लेकर आम आदमी के जीवन में बहुत बड़ी चुनौती लेकर आया है। इसके मद्देनजर लोगों के जीवन में जो सकारात्मक बदलाव हुए हैं और उन्होंने स्वच्छता सम्बन्धी नियमों का दैनिक जीवन में गम्भीरता से पालन किया है। उसके अच्छे परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं।

कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने को लेकर राज्य सरकार लगातार साफ-सफाई, स्वच्छता, सेनेटाइजेशन तथा मास्क के प्रयोग पर जोर दे रही है। इसकी वजह से कोविड-19 बीमारी के साथ-साथ अन्य बीमारियों पर भी नियंत्रण पाने में सफलता मिली है।
राज्य के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक कोरोना को लेकर इन तमाम प्रयासों से वेक्टर जनित सहित अन्य बीमारियों के संक्रमण रोकने में काफी मदद मिली है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बीते वर्ष जुलाई माह में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के 04 मामले सामने आये थे, जबकि इस वर्ष कोई भी मामला संज्ञान में नहीं है। इसी तरह अगस्त, 2019 में एच-1 एन-1 के 09 मामले सामने आये थे, इस वर्ष माह अगस्त में कोई भी मामला संज्ञान में नहीं है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई, 2019 में 489 मामले डायरिया के थे। इस वर्ष माह जुलाई में कोई भी मरीज नहीं है। इसी तरह अगस्त, 2019 में 132 मामले डायरिया के थे। इस वर्ष माह अगस्त में कोई भी मरीज नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष कालाजार के 22 मामले थे। इस वर्ष कोई भी नहीं है।
प्रदेश सरकार के मुताबिक पिछले वर्ष 20 अगस्त तक तक जहां एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) के 816 मामले सामने आये थे और 34 लोगों की इससे मौत हुई थी। वहीं इसी अवधि में इस वर्ष मात्र 396 मामले सामने आए और 12 लोगों की मौत हुई।
Also Read : योगी सरकार का बड़ा फैसला, उत्‍तर प्रदेश में अब सिर्फ रविवार को ही बंद रहेंगे बाजार
इसी तरह पिछले वर्ष जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) के मामलों की संख्या 50 रही और 04 मौतें हुईं। जबकि इस वर्ष 19 मामले सामने आए और 02 लोगों की मौत हुई। इसी अवधि में पिछले वर्ष मलेरिया के 15,101 मामले सामने आए, जबकि इस वर्ष यह संख्या 4,687 रही। इस तरह एक तिहाई से भी कम मलेरिया के केस सामने आए हैं। यह बेहतर सफाई व्यवस्था, एंटी लार्वा के छिड़काव और लगातार फॉगिंग से संभव हुआ। पिछले वर्ष डेंगू के 135 मामलों की तुलना में इस वर्ष 20 अगस्त तक मात्र 32 मामले सामने आए हैं।
The post कोरोना ने सुधार दी लोगों की जिंदगी, जुलाई-अगस्‍त में स्‍वाइन फ्लू का एक भी मामला नहीं appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button