कैमूर में BJP विधायक ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, किसानों को मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन

विधायक अशोक सिंह ने कहा कि यह इलाका छोटे-छोटे किसानों का है। फसल लगाने के लिए इन्हें काफी संघर्ष करना पड़ता है। इस बार किसानों की मेहनत से फसल तैयार हो चुकी थी, लेकिन महज 24 घंटे की बारिश ने सारी फसल बर्बाद कर दी।

कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को रामगढ़ विधानसभा के भाजपा विधायक अशोक सिंह ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से मुलाकात की और बाढ़ से हुई फसल क्षति का जायजा लिया। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से बात कर किसानों को मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे।

गौरतलब है कि दुर्गावती प्रखंड से गुजरने वाली दुर्गावती नदी ने सोमवार तक विकराल रूप धारण कर लिया था। बाढ़ के पानी से मरहियां, खामिदौरा, सरियांव, उदपुरा, मछनहटा, चेहरियां सहित कई गांवों के बधारों में लगी सैकड़ों एकड़ धान की फसल पूरी तरह डूब चुकी है।

विधायक अशोक सिंह ने कहा कि यह इलाका छोटे-छोटे किसानों का है। फसल लगाने के लिए इन्हें काफी संघर्ष करना पड़ता है। इस बार किसानों की मेहनत से फसल तैयार हो चुकी थी, लेकिन महज 24 घंटे की बारिश ने सारी फसल बर्बाद कर दी। अब किसानों के पास कुछ भी नहीं बचा है और वे पूरी तरह असहाय हो गए हैं।

उन्होंने कहा, “साल 2018 में भी इसी तरह की बाढ़ आई थी, उस समय हमने विधानसभा में आवाज उठाकर सभी किसानों को पूरा मुआवजा दिलवाया था। इस बार भी फसल नुकसान को लेकर मैं मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को पत्र लिखूंगा, ताकि किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाया जा सके।

Back to top button