कानपुर. आजमगढ़ से दिल्ली जा रही कैफियत एक्सप्रेस बुधवार तड़के करीब 2.40 बजे एक डंपर से टकरा गई। इससे ट्रेन के इंजन समेत 10 डिब्बे पलट गए। हादसे में ट्रेन के दोनों ड्राइवर समेत 80 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 26 की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को इटावा पीजीआई रेफर किया गया है। ट्रेन के ड्राइवर एसके चौहान के मुताबिक, कॉरिडोर का काम चल रहा है। ट्रेन पूरी रफ्तार में थी। सारे सिग्नल ग्रीन मिले। एक ट्रक बीच ट्रैक पर आ गया और हादसा हो गया।
रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची…
– जानकारी के मुताबिक, कानपुर और इटावा के बीच आने वाले अछल्दा रेलवे स्टेशन के बीच वीरपुर गांव के पास ये हादसा हुआ।
– हादसे में ट्रेन के B2, H1, A2, A1 और S10 के अलावा 4 जनरल कोच पलट गए।
– सूचना मिलते ही रेलवे एडमिनिस्ट्रेशन घटनास्थल पहुंचकर राहत कार्य में जुट गया है। इलाहाबाद और लखनऊ मंडल से एक्स्ट्रा मेडिकल वैगन और रेस्क्यू टीम को रवाना किया गया है। कानपुर से 5 से ज्यादा एम्बुलेंस भेजी गई हैं।
– अछल्दा के प्राइमरी हेल्थ सेंटर पर 50 से ज्यादा मरीज लाए गए हैं। कानपुर और इटावा से भी डॉक्टरों की टीम को बुलाया गया है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
– हेल्पलाइन नंबर- 0512- 2323015, 2323016, 2323017
– इमरजेंसी नंबर- 05688276566
– सैफई मिनी पीजीआई का इमरजेंसी कंट्रोल रूम नम्बर 05688276566
इस साल हो चुके ये बड़े रेल हादसे
– 19 अगस्त 2017: पुरी से हरिद्वार जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस यूपी के मुजफ्फरनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 22 लोग मारे गए थे।
– 21 जनवरी 2017: कुनेरू के पास जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस पटरी से उतरी गई थी। इसमें 40 से ज्यादा की मौत और 68 घायल हो गए थे।
– 7 मार्च, 2017: मध्य प्रदेश के जबरी रेलवे स्टेशन के पास भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में बम फटा था, जिसमें 10 लोग घायल हो गए थे।