केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने आम जनता के भरोसा को तोड़ा: अखिलेश यादव

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था चौपट हो गई है। जीडीपी दर लुढ़कने का असर उद्योग धंधे व कामगार लोगों पर पड़ रहा है। उद्योग बंद हो रहे हैं। विकास की रफ्तार सुस्त हो गई है। अच्छे दिन का सपना दिखाकर आई सरकार लोगों के अच्छे दिन छीन रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री शनिवार को जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के चिल्ली गांव में पूर्व मंत्री इंद्रजीत कोरी के पौत्र इंजीनियर अनिविल के तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। सपाई सुबह से ही आसपास डेरा डाले हुए थे।

दोपहर दो बजे कार से पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री को देख जिंदाबाद के नारे लगे। कुछ देर लोगों से मुलाकात व अभिवादन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक बद्री प्रसाद और पूर्व विधायक सुखरानी देवी की मूर्तियों का अनावरण किया।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि देश में विकास की रफ्तार सुस्त हो गई है। केंद्र और राज्य की भाजपा  सरकारों ने आम जनता के भरोसा तोड़ा है। किसान अब भी आत्महत्या करने को मजबूर हैं।  सरकार के वादे के विपरीत स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को स्वेटर और जूते तक नहीं मिल पा रहे हैं। कानून व्यवस्था ध्वस्त है।

बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं रह गई है। डॉयल 100 और कई शहरों का नाम बदलने पर मुख्यमंत्री योगी की चुटकी लेते हुए कहा कि जिसे भी अपना अच्छा नाम रखवाना हो वह मुख्यमंत्री को पत्र लिख सकता है। पुलिस के एनकाउंटर के मामलों की उनकी सरकार बनने पर जांच कराई जाएगी। महानगरों में अब पाइप लाइन से घरों में गैस की सप्लाई की जा रही है।

Back to top button