कुल 15 प्रत्याशियों का भाग्य इलेक्ट्रानिक वोटिग मशीन में हुआ कैद

गोंडा संसदीय सीट के लिए सोमवार की सुबह मतदान शुरू हुआ। तमात आशंकाओं को निर्मूल साबित करते हुए वोटरों ने अपनी भागीदारी की। छिटपुट विवाद को छोड़कर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया। हालांकि इस दौरान ईवीएम की गड़बड़ी ने मतदान की व्यवस्था को प्रभावित किया। इसी बीच करीब 53.02 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गोंडा लोकसभा क्षेत्र में कुल पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें से चार सदर, गौरा, मनकापुर व मेहनौन इसी जिले में हैं जबकि बलरामपुर जिले की उतरौला विधानसभा भी इसी क्षेत्र में शामिल है। इस क्षेत्र में कुल 17 लाख 69 हजार 574 मतदाता हैं। इसमें पुरुषों की तादाद 961860 जबकि महिलाओं की 807642 रही। अन्य 72 मतदाता भी शामिल रहे। 1122 मतदान केंद्रों के अधीन 2118 बूथों पर वोट डाले गए। मतदान के बाद सपा प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह पंडित, भाजपा के कीर्तिवर्धन सिंह व कांग्रेस की कृष्णा पटेल समेत समेत कुल 15 प्रत्याशियों का भाग्य इलेक्ट्रानिक वोटिग मशीन में कैद हो गया। आगामी 23 मई को मतगणना के बाद जीत-हार का फैसला हो सकेगा।





