कुंभ: मोदी संगम में लगाएंगे डुबकी, केंद्रीय कैबिनेट कराने की तैयारी!

प्रयागराज। कुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी डुबकी लगा सकते हैं। कुंभ मेला प्रशासन इस को लेकर अंदर ही अंदर तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। पूरब को पश्चिम से जोडऩे के लिए प्रयागराज से मेरठ तक गंगा एक्सप्रेस-वे और प्रयागराज से नोएडा राष्ट्रीय जलमार्ग की आधारशिला पीएम मोदी से ही रखवाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय कैबिनेट की बैठक भी यहां बुलाई जा सकती है। फिलहाल अभी तारीख तय नहीं की गई है। वैसे बताया जा रहा है कि 18 फरवरी को प्रधानमंत्री का वाराणसी में कार्यक्रम प्रस्तावित है। उसी दौरान यहां का भी कार्यक्रम हो सकता है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 13 फरवरी को कुंभ मेला क्षेत्र में आएंगे
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 13 फरवरी को कुंभ मेला क्षेत्र में आएंगे। वह यहां कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह सभी 13 अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ पावन संगम में डुबकी लगाएंगे। इसके बाद कई बड़े संतों का आशीष भी लेंगे। वह कुंभ के मद्देनजर शहर में कराए गए स्थायी कार्यों को भी देखेंगे। पता चला है कि भाजपा प्रमुख शाह इस दौरान पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ही पीएम मोदी के कार्यक्रम की रूपरेखा तय करेंगे।
ये भी पढ़ें :-राम मंदिर को लेकर अपना रुख स्पष्ट करे कांग्रेस : अमित शाह
केंद्रीय कैबिनेट की बैठक कुंभ में होना गौरव की बात होगी
पिछले माह 29 जनवरी को कुंभ मेला क्षेत्र स्थित देश के पहले इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में प्रदेश की कैबिनेट बैठी थी, जिसमें लगभग 36 हजार करोड़ रुपये की गंगा एक्सप्रेस वे के निर्माण पर मुहर लगी थी। अब कुंभ में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक कराने की तैयारी है। बताते हैं कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहमति भी जता चुके हैं। इसकी तैयारी भी कुंभ मेला प्रशासन के साथ ही प्रयागराज मेला प्रशासन की ओर से शुरू करा दी गई है। कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि केंद्रीय कैबिनेट की बैठक कुंभ में होना गौरव की बात होगी। जैसे ही इसकी सूचना आएगी, तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री भी लगाएंगे संगम में डुबकी
केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य बैठक में हिस्सा लेने के बाद संगम में पुण्य की डुबकी लगाएंगे। साथ ही किला स्थित मूल अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर का दर्शन भी करेंगे। इसके अलावा संतों से मुलाकात भी करेंगे। वैसे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, वीके सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, डॉ. हर्षवर्धन आदि कुंभ में आकर संगम स्नान कर चुके हैं। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन भी कुंभ आ चुकी हैं।





