कुंभ नगरी में कांग्रेस का पोस्टर वार, प्रियंका ने धारण किया दुर्गा का अवतार…

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश की कुम्भनगरी में प्रयागराज में भक्ति की लहर के साथ-साथ राजनीतिक हवा भी काफी तेजी से बह रही है। प्रियंका गांधी के कुंभ स्नान के लिए आने से पहले ही उनके पोस्टर शहर में लग चुके हैं। कुछ दिन पहले लगाए गए पोस्टरों में प्रियंका गांधी को गंगा की बेटी बताया गया था। वहीं, अब उन्हें दुर्गा का अवतार दर्शाया गया है। नए पोस्टरों में वे महिषासुर का वध करती नजर आ रही हैं।

स्थानीय कांग्रेस नेता इरशाद उल्लाह और अनिल चौधरी ने प्रियंका के दुर्गा रूप वाले पोस्टर लगवाए हैं। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तस्वीर भी चित्रित है। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई पर अंकुश, युवाओं को नौकरी, किसानों को कर्जमाफी, लोकपाल बिल, राम मंदिर, मुस्लिम-दलितों की सुरक्षा जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया गया है। 29 जनवरी को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी। उस दौरान कुंभ मेला परिसर में हर जगह प्रियंका के पोस्टर लगे दिखे, जिनमें उन्हें गंगा की बेटी दर्शाया गया था।

उल्लेखनीय है कि 2014 में वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते समय नरेंद्र मोदी को गंगा का बेटा दर्शाया गया था। अब कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका गांधी को गंगा की बेटी के रूप में दिखाने का प्रयत्न कर रहे हैं। इन पोस्टरों में लोक सभा चुनावों में यूपी फतह का दावा भी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button