किसी को पता भी नहीं चला, और उधर टीम इंडिया ने 41 पर कर दिया इस टीम को ढेर

भारत और जापान के बीच साउथ अफ्रीका के ब्लूमफोनटेन में खेले गए आइसीसी अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2020 के 11वें लीग मैच में भारत ने बड़ी जीत हासिल कर ली। अंडर 19 वर्ल्ड कप के ग्रुप ए के मुकाबले में भारतीय युवा ने जापान की टीम को पहले 41 रन पर ढेर कर दिया और फिर 10 विकेट से आसान सी जीत हासिल कर ली।

क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाने उतरी भारतीय टीम के कप्तान प्रियम गर्ग ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कप्तान का ये फैसला उस समय सही साबित हो गया जब टीम को एक के बाद एक सफलताएं मिलती चली गईं। यही कारण रहा कि जापान की टीम 41 रन पर अपने घुटने टेक गई। जापान ने 22.5 ओवर बल्लेबाजी की और सभी विकेट खोकर 41 रन बनाए। इतना ही नहीं, इसमें भारत ने 19 रन अतिरिक्त के रूप में दिए।

यह भी पढ़ें: धवन का न्यूजीलैंड दौरे पर जाना मुश्किल, इन 3 दिग्गजों पर सबकी निगाहें

भारतीय टीम ने ये लक्ष्य 4.5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया। यशस्वी जायसवाल ने 29 और कुमार कुसाग्र ने 13 रन की नाबाद पारी खेली। इसी के साथ भारतीय टीम आइसीसी अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप 2020 के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई है। उधर, जापान की टीम के नाम अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे कम स्कोर पर ऑल आउट होना का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है, लेकिन ये रिकॉर्ड संयुक्त रूप से जापान की टीम के नाम जुड़ा है। भारत ने इससे पहले श्रीलंकाई टीम को 90 रन से धूल चटाई थी। 

जापान की ओर से कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए। सबसे ज्यादा रन Shu Noguchi और Kento Ota Dobell ने 7-7 रन बनाए। यहां तक कि जापान की इस युवा टीम के 5 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। उधर, भारतीय टीम की ओर से रवि बिश्नोई ने 4 विकेट झटके। वहीं, कार्तिक त्यागी ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि आकाश सिंह को 2 विकेट मिले। वहीं, विद्याधर पाटिल को एक विकेट मिला।

भारतीय टीम का अंडर 19 वर्ल्ड कप 2020 में सफर

आइसीसी अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2020 में भारतीय टीम को ग्रुप ए में शामिल किया है। इसी ग्रुप में भारत ने अपने पहले मैच में श्रीलंका की अंडर 19 टीम को 90 रन से मात दी थी। इसके बाद भारत की निगाहें जापान के खिलाफ बड़ी जीत पर थीं, जिसे प्रियम गर्ग की कप्तानी वाली टीम ने आसानी से हासिल कर लिया। वहीं, टीम का ग्रुप चरण का आखिरी मैच न्यूजीलैंड से 24 फरवरी को होना है।

Back to top button