काम मांगने के बहाने घर में घुसे मजूदर ने बुजुर्ग दंपती को चाकू से गोद दिया, घायल दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया

शहर में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा एक बार फिर कठघरे में आ गई है। शनिवार की सुबह काम मांगने के बहाने घर में घुसे मजूदर ने बुजुर्ग दंपती को चाकू से गोद दिया। लूट के इरादे से आए मजदूर को भागते हुए भीड़ ने पकड़ लिया और पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घायल दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शहर के बर्रा-5 निवासी रिटायर्ड प्रधानाचार्य 65 वर्षीय विनोद द्विवेदी अपनी पत्नी वीना व मां विमला के साथ रहते हैं। उन्होंने तीन माह पहले मकान में कुछ निर्माण कार्य कराया था, जिसमें मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी मजदूर बबलू ने मजदूरी की थी। शनिवार की सुबह वह काम के बहाने उनके घर आया और बात करते हुए पानी मांगा। इसपर वीना उसके लिए पानी लेने किचन में चली गईं। इस बीच बबलू ने विनोद पर चाकू से कई वार कर दिये। उनकी चीख सुन वीना दौड़कर आईं तो उनपर भी चाकू से वार किया।

शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए और भाग रहे बबलू को पकड़ लिया। बबलू की पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। घायल दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। वीना ने बताया कि शुक्रवार को भी बबलू आया था। आशंका है कि रेकी करने के बाद वह सुबह लूट के इरादे से घर में काम मांगने के बहाने आया था और हमला कर दिया। बर्रा थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि बबलू से पूछताछ की जा रही है। बुजुर्ग दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button