कांग्रेस ने मोदी सरकार और केजरीवाल पर साधा निशाना, दिया ये बड़ा बयान…

नई दिल्ली। केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ कांग्रेस का लोक संपर्क अभियान सोमवार से शुरू होगा। एक माह से अधिक समय तक चलने वाले इस अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को दोनों सरकारों की विफलताओं के बारे में बताएंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से एक पुस्तिका भी तैयार की गई है। इसमें भाजपा व आम आदमी पार्टी (AAP) के चुनावी दावों और उस पर कितना अमल हुआ, इसकी जानकारी है।

प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी अन्य नेताओं के साथ रविवार को पार्टी कार्यालय में ‘झूठे वादों का खेल-मोदी सरकार फेल’ और ‘झूठे वादों, बेईमानी और भ्रष्टाचार का खुला खेल-केजरीवाल सरकार फेल’ नाम की दो पुस्तिकाएं जारी कीं।

उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल है। भाजपा ने प्रत्येक वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने की बात कही थी, जबकि पिछले साढ़े चार साल में पांच लाख से भी कम नौकरियों का सृजन हुआ। दूसरी ओर केजरीवाल ने पांच साल में 15 लाख लोगों को रोजगार देने का ऐलान किया था, लेकिन अब तक वह मात्र 388 लोगों को ही सरकारी नौकरियां दे सके हैं।

प्रोफेशनल कांग्रेस के अध्यक्ष अमन पंवार ने कहा कि दोनों ही सरकारों का कोई विजन नहीं है, सिर्फ टेलीविजन पर आना ही उनका विजन रह गया है। केजरीवाल सरकार की नाकामियों की वजह से दिल्ली की जनता सीलिंग की मार ङोल रही है। अनधिकृत कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। शिक्षा सहित अन्य सेवाओं का बुरा हाल है।

वरिष्ठ नेता चतर सिंह ने कहा कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन के नेतृत्व में सोमवार को करोल बाग से अभियान शुरू होगा। 19 नवंबर तक तीन लाख कार्यकर्ता मोदी और केजरीवाल सरकार की विफलताओं को घर-घर पहुंचाएंगे। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता महमूद जिया, प्रदेश प्रवक्ता पूजा बाहरी, प्रदेश कांग्रेस के लीगल एवं मानवाधिकार विभाग के चेयरमैन सुनील कुमार, मुख्य मीडिया संयोजक मेहदी माजिद मौजूद थे।

Back to top button