कांग्रेस ने किया बड़ा ऐलान-अब नहीं करेंगे किसी से भी गठबंधन

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के करीब आते ही गठबंधन को लेकर कयासबाजी भी शुरू हो गई है, लेकिन, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पी सी चाको ने इससे साफ इनकार कर दिया है। पीसी चाको ने कहा कि हम दिल्ली में किसी से गठबंधन नहीं कर रहे हैं और न चुनाव से पहले और न ही चुनाव के बाद। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव में जा रही है। पार्टी ने बूथ स्तर तक पहुंचने की योजना बनाई है।

पीसी चाको शुक्रवार शाम प्रदेश पार्टी कार्यालय राजीव भवन में आधुनिक प्रणाली से लैस सोशल मीडिया कंट्रोल रूम के उद्घाटन अवसर पर पत्रकारों से मुखातिब थे।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने भी कहा कि दिल्ली में कांग्रेस किसी से कोई समझौता नही करेगी। पार्टी अपने दम पर 70 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ेगी। बीते दो महीने में जिस तरीके से पार्टी ने भाजपा व आप की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हल्ला बोल रखा है। उससे दिल्ली की जनता न केवल प्रभावित है, बल्कि कांग्रेस के 15 साल के विकासोन्मुखी शासनकाल को भी याद कर रही है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में आतंकी साजिश के लिए जिम्मेदार था सुलेमानी: ट्रंप

उन्होंने फिर दोहराया कि सभी बिजली उपभोक्ताओं को 600 यूनिट तक राहत पैकेज दिया जाएगा। शीला दीक्षित पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन राशि को कांग्रेस शासन आने के बाद 5000 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहन गुप्ता एवं मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने इस दौरान कहा कि कंट्रोल रूम से जहां एक ओर पार्टी भाजपा व आप के सोशल मीडिया पर चल रहे झूठे प्रचार का आक्रामक रूप से जवाब देगी। वहीं दूसरी ओर चुनाव घोषणा पत्र को भी दिल्ली की जनता तक पहुंचाएगी ।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में सोशल मीडिया से जुड़े लगभग एक लाख लोगों तक पार्टी ने इस अभियान को पहुंचाने की रणनीति बनाई है। सभी विधानसभा क्षेत्रों से कंट्रोल रूम सीधे जोड़ा जाएगा। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करने लगेगा। इस अवसर पर एआइसीसी सचिव कुलजीत सिंह नागरा, मनीष चतरथ, राहुल शर्मा, सरल पटेल, जितेन्द्र कुमार कोचर एवं शिवानी चोपड़ा भी मौजूद थे।

Back to top button