कांग्रेस की रैली मे शामिल होंगे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, ये बड़े नेता होंगे शामिल

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी 27 मई को उमरिया में पार्टी की “संविधान बचाओ रैली” में हिस्सा लेंगे। इस बात की जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार की मनमानी की वजह से देश के लोकतंत्र और संविधान पर खतरा है। भाजपा सरकार देश की संवैधानिक संस्थाओं को अपने रंग में रंग रही है। सरकार के नेता और मंत्री देश की सेना के अधिकारियों का सार्वजनिक मंचों पर अपमान कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री उनका बचाव कर रहे हैं। सरकार इन घटनाओं पर चुप रहती है, इसलिए न्यायपालिका को खुद हस्तक्षेप करना पड़ रहा है।
ऐसी हालतों को देखते हुए कांग्रेस 27 मई को सुबह 11 बजे उमरिया के रानी दुर्गावती चौक से “संविधान बचाओ रैली” निकालेगी। इस रैली में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, एआईसीसी के सचिव और संगठन प्रभारी रणविजय लोचव, जिला संगठन प्रभारी अनुभा मुंजारे, सह प्रभारी नीरज सिंह, विधायक फुंदेलाल सिंह और जिले व संभाग के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से ज्यादा से ज्यादा संख्या में रैली में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।