कांग्रेस की रैली में तेजस्‍वी ने दिया बड़ा बयान, कहा- राहुल PM मैटेरियल, मोदी जी झूठ की फैक्‍ट्री

कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी रविवार को पटना के गांधी मैदान में जन आकांक्षा रैली को संबोधित करेंगे। लंबे समय बार बिहार में कांग्रेस अपने बल पर बड़ी रैली कर रही है। इसके माध्‍यम से कांग्रेस के साथ विपक्षी महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन हो रहा है। रैली को लेकर गांधी मैदान में समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई है। राहुल गांधी इस रैली में तेजस्‍वी यादव के साथ पहुंच चुके हैं। रैली के मंच पर कांग्रेस शासित तीन राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री भी शामिल हैं। कांग्रेस की रैली में तेजस्‍वी ने दिया बड़ा बयान, कहा- राहुल PM मैटेरियल, मोदी जी झूठ की फैक्‍ट्री

रैली को संबोधित करते हुए तेजस्‍वी यादव ने राहुल को पीएम मैटेरियल तथा नरेंद्र मोदी को झूठ की फैक्‍ट्री बताया। 
रैली को एक-एक कर विभिन्‍न नेता संबोधित कर रहे हैं।

रैली में तेजस्‍वी बोले
रैली को संबोधित करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तथा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके विशेष पैकेज की बाबत पूछा। उन्‍होंने केंद्र व राज्‍य की नीतीश सरकार से बिहार को विशेष राज्‍य का दर्जा देने को लेकर भी सवाल किए। कहा कि मोदी ने बिहार को ठगने का काम किया है, लेकिन बिहार के लोग उड़ती चिडि़या को हल्‍दी लगाने का काम भी जानते हैं। उन्‍होंने पीएम मोदी को झूठ की फैक्‍ट्री और आरएसएस उनका रिटेलर बताया। 

तेजस्‍वी ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार विरोधियों के पीछे सीबीआइ लगाती है। उन्‍होंने कहा कि मोदी भले ही लालू प्रसाद यादव के पीछे सीबीआइ, आयकर व इडी को लगा दें( लेकिन लालू को लोगों को दिलों से नहीं निकाल पाएंगे। 

तेजस्‍वी ने राहुल गांधी को पीएम मैटेरियल भी बताया। कहा कि उनमें प्रधानमंत्री बनने की योग्‍यता है। उन्‍होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए कांग्रेस की जिम्‍मेदारी है कि वह सहयोगियों को साथ लेकर चले। 

उन्‍होंने राहुल के प्रधानमंत्री बनने पर बिहार को उसका अधिकार दिलाने का आग्रह भी किया।

बिहार में लंबे समय बाद अपने दम पर रैली कर रही कांग्रेस 
कांग्रेस करीब 30 साल बाद पटना के गांधी मैदान में अपने बल पर बड़ी रैली कर रही है। इससे पहले 1989 में गांधी मैदान में उनके पिता राजीव गांधी ने भी ने बतौर कांग्रेस अध्‍यक्ष रैली की थी। 

एक मंच पर दिख रहा विपक्ष 
कांग्रेस की जन आकांक्षा रैली में बिहार का विपक्ष एकजुट दिख रहा है। रैली के मंच पर बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल व प्रदेश अध्‍यक्ष मदन मोहन झा व सभी प्रभारी अध्‍यक्ष पहुंच चुके हैं। मंच पर रंजीता रंजन, तारिक अनवर, सदानंद सिंह, मीरा कुमार, शकील अहमद आदि पचुंच चुके हैं। पूर्व मुख्‍यमंत्री व हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) सुप्रीमो जीतनराम मांझी, लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) प्रमुख शरद यादव तथा विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) प्रमुख मुकेश साहनी भी हैं। पूर्व मंत्री व रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा बीते दिन पुलिस लाठीचार्ज में घायल होने के कारण नहीं आ पाए हैं।  

वाम दलों में भाकपा के सत्यनारायण सिंह, माकपा के अवधेश कुमार और भाकपा-माले के कुणाल भी रैली में शिरकत कर रहे हैं। रैली में मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह भी समथकों के साथ मौजूद हैं। 

शामिल हो रहे तीन मुख्‍यमंत्री 
राहुल की इस रैली में कांग्रेस ने पूरी ताकत झाेंक दी है। रैली में तीन राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री भी शिरकत कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी रैली में शामिल होने राहुल गांधी के साथ ही पहुंचे। तीनों मुख्‍यमंत्री मंच पर पहुंच चुके हैं। 

यातायात को ले की गई ये व्‍यवस्‍था 

इस बीच रैली को लेकर प्रशासन ने एहतियाती उपाय किए हैं। रविवार की सुबह छह बजे से रैली के समाप्‍त होने तक पटना के डाक बंगला चौराहा से गांधी मैदान तक सामान्‍य वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। रामगुलाम चौक से जेपी गोलंबर तक भी वाहन परिचालन पर रोक लगी हुई है। पटना में वेटनरी कॉलेज से जीरो माइल तक बनाए गए 17 पार्किंग स्थलों पर 3300 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रैली में आने वालों की व्‍यवस्‍था निर्दलीय विधायक अनंत सिंह देख रहे हैं। वे कांग्रेस के टिकट पर मुंगेर से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। 
विविध रंग-रूप में दिख रहे समर्थक
रैली को लेकर पटना की सड़कों को बैनरों-पोस्टरों से पाट दिया गया है। समर्थकों के विविध रूप देखने को मिल रहे हैं। कोई हाथी पर अा रहा हैतो कोई राम-लक्ष्‍मण व हनुमान का रूप धर केंद्र सरकार पर तंज कसते बैनर-पोस्‍टर धारण किए है। 

Back to top button