कश्मीर की शान झीलें होंगी और भी शानदार, डल और नगीन लेक का बदेलगा लुक

डल और नगीन झीलों के सौंदर्यीकरण और सफाई के लिए 40 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की गई है, जिसमें बंद चैनलों को खोलने और झीलों का विकास शामिल है। इस कार्य से झीलों का प्राकृतिक प्रवाह बहाल होगा और पर्यटन को नया बढ़ावा मिलेगा
कश्मीर घाटी में डल और नगीन लेक को आधुनिक रूप दिया जाएगा। इस काम के लिए 40 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। आधुनिक लुक मिलने से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। लेक एंड कंजर्वेशन मैनेजमेंट अथाॅरिटी ने काम के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगस्त से काम शुरू होने की संभावना है। झीलों से मलबा निकाला जाएगा।
इससे पहले भी अथाॅरिटी इन झीलों की सफाई करवाती रही है, लेकिन इस पर नए सिरे से काम होगा और कई बंद चैनल खोले जाएंगे। इससे पानी का प्रवाह बढ़ेगा। झीलों के चारों ओर पर्यटन की दृष्टि से इलाका विकसित किया जाएगा। इससे पर्यटकों को घूमने के लिए अनुकूल माहौल मिल सकेगा। अथाॅरिटी के अनुसार, पहले बजट का संकट रहा है। कम बजट मिलने से कई काम पूरे नहीं हो पाए हैं। इस बार सरकार को भेजे गए प्रस्ताव के हिसाब से बजट मिला है। नवंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
डल – यह जम्मू-कश्मीर की दूसरी सबसे बड़ी झील है। इसमें गगरीबल, लोकुट डल, बोड डल और नगीन से पानी आता है। इसके अलावा अन्य स्रोतों से भी पानी झील में भरता है। झील में शिकारा की सैर कर पर्यटक इसकी सुंदरता का लुत्फ उठाते हैं। शिकारा और हाउस बोट के लिए यह झील प्रसिद्ध है।
नगीन लेक – नगीन लेक चारों तरफ से पेड़ों से घिरी हुई है। पर्यटक यहां पर घूमने का आनंद लेते हैं। इसे डल झील का हिस्सा भी माना जाता है। यह डल से छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।