कल्याण सिंह की अगुवाई में भाजपा लड़ेगी चुनाव !

लखनऊ। यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति का सियासी पारा गर्म होता नजर आ रहा है। बीजेपी पूरी तैयारी के साथ मैदान में आने को तैयार है और रोज नए खेल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए धाकड़ छवि रखने वाले कल्याण सिंह को सामने ला रही है। बताया जा रहा है कि कल्याण सिंह सीएम उम्मीदवार तो नहीं होंगे लेकिन प्रचार टीम का नेतृत्व करेंगे।
सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि कल्याण सिंह राजस्थान में राज्यपाल के पद से इस्तीफा देंगे और यूपी में प्रचार की कमान संभालेंगे। इसे लेकर पार्टी के अंदर भी काफी खलबली मची हुई है। इसके साथ ही विरोधी पार्टियां भी इस पर नजर लगाए हुई हैं। अब देखना ये होगा कि आखिर पार्टी क्या फैसला लेती है।
यूपी में 403 सीटें और कल्याण सिंह 84 साल के हो चुके हैं। सभी सीटों पर अपनी उम्र को देखते हुए वो कितना समय दे पाएंगे ये भी देखने वाली बात होगी।
कल्याण सिंह रखते है गहरी समझ
पार्टी का मानना है कि कल्याण सिंह को यूपी की गहरी समझ है। उन्हें यूपी की राजनीति और प्रशासन का सबसे ज्यादा और लंबा अनुभव है। वे पिछड़ी लोध जाति से आते हैं, उनकी कास्ट आइडेंटी भाजपा के लिए हमेशा मददगार होती रही है।
पार्टी का कहना है कि कल्याण सिंह के नाम पर बहुत से बिखरे मतदाता समूह उसके पक्ष में आयेंगे, चाहे वो किसी वर्ग के हों। उनके व्यक्तित्व में राजनीति, प्रशासन व हिंदुत्ववाद तीनों का अद्भुत संगम हैं। उनके सामने स्मृति ईरानी भी कमजोर पडेंगी। अब देखना ये होगा कि भाजपा का ये नया खेल पार्टी के लिए कितना सही साबित होता है।