बिजली के कनेक्शन पांच साल पहले कर दिए गए। तब बिजली के खंभे भी पहुंचाए गए। इतना ही नहीं बिजली का बिल भी ग्रामीणों तक पहुंच गया। हालांकि इन पांच सालों में बिजली नहीं पहुंचाई जा सकी है। ये हाल है यूपी के हमीरपुर जिले के धरमपुर गांव का…

सरकारी योजनाओं से वंचित गांव वालों ने की शिकायत
पूरा गांव अंधेरे में बसर कर रहा है। इसके बावजूद भी पावर कॉरपोरेशन बराबर बिजली का बिल भेज रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के जेई ने गांव वालों से खर्च लेकर गांव में ट्रांसफार्मर भी भेज दिया है। किंतु पुराने फर्जी बिल को माफ नहीं किए। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बिजली के बिलों को माफ करने और सही बिल दिए जाने की मांग की है।
सरकारी योजनाओं से वंचित गांव वालों ने की शिकायत
गांव के गरीबों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर सरकारी योजनाओं के बंदरबांट और खुद की बदहाली से अवगत करवाया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से हकीकत की जांच करवाने और सुविधाएं दिलवाए जाने कर मांग की। विकासखंड सुमेरपुर के ग्राम विदोखर पुरई निवासी जिलाधिकारी से गांव में सरकारी योजनाओं की जांच करवाने की मांग की। प्रधान और पंचायत सचिव से मांग किए जाने के बाद भी वास्तविक पात्रों को योजनाओं का लाभ नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अभी तक उनके राशन कार्ड भी नहीं बनाए गए हैं। साथ ग्रामीणों ने शौचालय न होने की शिकायत भी की। ग्रामीणों ने प्रधान और सचिव पर रिश्वत लेकर सरकारी सुविधाएं देने का भी आरोप लगाकर न्याय दिलाने की मांग की। ज्ञापन देने वाले ग्रामीणों में रजनी, रामबहादुर, गौरीशंकर, जितेंद्र कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
खेत से मौरंग निकालने की शिकायत
खेतों से जबरिया मौरंग खनन करने के मामले की शिकायत एक किसान ने की है। थाना ललपुरा के पौथिया गांव निवासी किसान गयादीन निषाद ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि बेतवा नदी के किनारे गाटा संख्या 69 में उसका खेत दर्ज है। इस खेत में मौरंग है। गांव के रामसरन, शिवपाल, भूरा, सुल्ताना, देवलाल, रामकेश, जगदीश, रामू, रामजस, धमेंद्र, श्यामजी, सत्यनारायण, राकेश, संदीप आदि उसके खेत से जबरजस्ती रात में बालू का खनन कर रहे हैं। रोकने पर वह लोग उसके साथ मारपीट करते हैं। पुलिस प्रशासन से शिकायत करने की बात कहने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।
शौचालय व आवास दिलाने की मांग
ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं से वंचित किए जाने की शिकायत की। कहा कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव मिलकर योजनाओं का लाभ अपात्रों को देने की शिकायत की है। मौदहा तहसील के ग्राम नायकपुरवा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। कहा कि गांव में प्रधानमंत्री आवास बांटे जा रहे हैं। लेकिन भूमिहीनों, गरीबों और असहायों को किनारे कर दिया गया है। इतना ही नहीं शौचालयों का भी बंदरबांट कर दिया गया है। प्रधान व सचिव ने शौचालयों से भी वास्तविक पात्रों को बाहर कर दिया है। ग्रामीण बरदानी लाल, विक्रम, जयप्रकाश, कमलेश, रज्जू, राजापति, हीरा पत्नी इंद्रपाल, रामकली पत्नी जरवा, सुम्मी पत्नी स्वर्गीय पिरगवां आदि अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।