ऐसा हुआ धमाका कि घरों के दरवाजे-खिड़की हिल गए…

कानपुर : ऐसा धमाका कि इलाके के आसपास के घरों के खिड़की दरवाजे तक हिल गए। लोग घरों से निकल आए। ऐसा लगा कि घर में सिलेंडर फटा और उसके बाद लगी आग से धुएं का गुबार उठ रहा। लेकिन जब धुएं में बारूद की गंध आई तो समझते देर नहीं लगी। लोग घरों से बाहर निकल आए और अफरातफरी का माहौल बन गया। वहीं धमाके के बाद मकान में किरायेदार अब्दुल की पत्नी अमला खातून बालकनी के चारों तरफ धुआं देख दहशत में आकर बेहोश हो गई। पड़ोसियों ने उन्हें संभाला। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआइजी सोनिया सिंह भी मौके पर पहुंची।

मकान में हो चुके कई विवाद
तीन मंजिला गोदाम की निचली मंजिल पर टीन का गोदाम था। जिसे खाली कराने को लेकर इरशाद व गोदाम संचालक के बीच काफी विवाद हुआ था, हालांकि गोदाम खाली हो गया था। वहीं कई किरायेदार युवकों से भी मकान खाली कराने को लेकर कहासुनी हो चुकी है। पुलिस जांच में अभी तक किरायेदारी व मकान मालिक के विवाद में धमाका प्रोजेक्ट करने की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा।
पुलिस को फिर याद आया किरायेदार सत्यापन
कानपुर : धमाके के बाद पुलिस को फिर किरायेदार सत्यापन याद आया। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक इस धमाके में घर में रहने वाले किरायेदार कुछ युवाओं का हाथ है। पुलिस को अभी घर में रहने वाले सिर्फ चार युवकों के बारे में जानकारी मिल सकी है, जो घटना स्थल पर मिले। जबकि आए दिन आने वाले सात-आठ लड़कों के विषय में कोई जानकारी नहीं। बता दें, पिछले दिनों ही डीआइजी सोनिया सिंह ने सभी थानेदारों को किरायेदार सत्यापन के आदेश दिए थे।





