एनडीए संसदीय दल की बैठक 19 अगस्त को; जन्माष्टमी पर राष्ट्रपति-पीएम ने दीं शुभकामनाएं

राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दीं जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जन्माष्टमी के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं! भगवान श्री कृष्ण ने समस्त मानवता को सभी प्राणियों के कल्याण के लिए समर्पित रहते हुए धर्मानुसार कर्तव्यों का पालन करने का मार्ग दिखाया है। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर, सभी लोग भगवान श्री कृष्ण के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाएं।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और इसे आस्था का पावन पर्व बताया। पीएम मोदी ने एक्स लिखा कि सभी देशवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं। आस्था, उल्लास और उत्साह का यह पावन पर्व आपके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। जय श्री कृष्णा! कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

आज चेन्नई में नगालैंड के राज्यपाल की अंत्येष्टि
नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन का आज चेन्नई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका 15 अगस्त को शाम 6:23 बजे चेन्नई के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था। नगालैंड ने 16 से 22 अगस्त तक सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है। उनके निधन पर भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने शोक जताया। उन्होंने गणेशन को महान देशभक्त बताया। सुंदरराजन ने कहा कि यह न केवल पार्टी के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है। वह एक महान देशभक्त थे और उनका निधन स्वतंत्रता दिवस पर हुआ। वह न केवल एक राजनेता थे, बल्कि एक साहित्य विशेषज्ञ भी थे। उनके पास लोगों के बीच तमिल साहित्य के प्रसार के लिए एक साहित्यिक मंच था। आरएसएस कार्यकर्ता होने के नाते, वह अपनी कड़ी मेहनत से राज्यपाल के स्तर तक पहुंचे। वहीं तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंथिरन, द्रविड़ कषगम अध्यक्ष के वीरमणि, भाजपा नेता और अभिनेता सरथ कुमार, हिंदू मक्कल काची, अध्यक्ष अर्जुन संपत, टीएन भाजपा नेता अमर प्रसाद रेड्डी ने नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन के अंतिम दर्शन किए।

मणिपुर में तीन महिलाओं सहित पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के दो जिलों में सुरक्षा बलों ने तीन महिलाओं समेत पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के लांगथबल खुनौ से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (ताइबांगनबा) संगठन के तीन महिलाओं सहित चार सक्रिय कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कैडरों की पहचान कोन्जेंगबाम बबीता (45), लिशम प्रेमिका देवी (33), नंदीबाम नोनी देवी (53) और हेखम रवि मैतेई (38) के रूप में की गई। पीआरईपीएके (पीआरओ) संगठन के एक सक्रिय कैडर, जिसकी पहचान चाबुंगबाम केनेडी सिंह (21) के रूप में हुई है, को इंफाल पूर्वी जिले के सोइबाम लेइकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने गुरुवार को इंफाल पूर्वी जिले के नगारियान चिंगयांग में तलाशी के दौरान हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया। उन्होंने एक 12 बोर डबल बैरल बंदूक, एक इंसास एलएमजी, एक एसएलआर राइफल मैगजीन और 47 कारतूस जब्त किए।

1999 में सऊदी अरब में हत्या के आरोप में सीबीआई ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया
26 साल से अधिक समय से फरार एक व्यक्ति को सीबीआई ने सऊदी अरब में 1999 में हुई एक हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। मोहम्मद दिलशाद को 11 अगस्त को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह नई पहचान और पासपोर्ट के साथ मदीना से जेद्दाह होते हुए लौटा था। दिलशाद रियाद में एक मोटर मैकेनिक और सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था, ने 1999 में अपने कार्यस्थल पर एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी थी। वह सऊदी अधिकारियों को चकमा देकर भारत भाग गया। जहां उसने धोखाधड़ी के माध्यम से नई पहचान और पासपोर्ट हासिल कर लिया। दिलशाद नए पासपोर्ट का उपयोग कर कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचता रहा, जिससे उसे इस अवधि के दौरान खाड़ी देशों की लगातार यात्रा करने का मौका मिला। जांच के दौरान पता चला कि दिलशाद धोखे से प्राप्त पहचान के आधार पर कतर, कुवैत और सऊदी अरब की यात्रा करता था।

अरुणाचल प्रदेश में इसरो की अंतरिक्ष प्रयोगशाला का उद्घाटन
अरुणाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री पासंग दोरजी सोना ने शियोमी जिले के सुदूर मेचुका में इसरो की अंतरिक्ष प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इसरो और मुस्कान फाउंडेशन के सहयोग से मेचुका सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्थापित प्रयोगशाला का उद्देश्य छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना, युवाओं में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है। इसका नाम पासंग वांगचुक सोना इसरो अंतरिक्ष प्रयोगशाला रखा गया है। मंत्री ने कहा कि आज मेरे लिए एक भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है, क्योंकि मैंने अपने दिवंगत पिता को समर्पित ‘पासंग वांगचुक सोना इसरो अंतरिक्ष प्रयोगशाला’ का उद्घाटन किया है। यह प्रयोगशाला सिर्फ़ एक शैक्षणिक सुविधा नहीं है, बल्कि शिक्षा और जिज्ञासा की शक्ति में उनके अटूट विश्वास को श्रद्धांजलि है। मुझे उम्मीद है कि यह एक ऐसी जगह बनेगी जहां हमारे बच्चे बड़े सपने देखेंगे, निडर होकर विज्ञान की खोज करेंगे और सितारों तक पहुंचेंगे।

गुवाहाटी ट्रैफिक पुलिस आठ साल बाद फिर से सफेद वर्दी में लौटी
गुवाहाटी यातायात पुलिस कर्मियों ने आठ साल बाद शनिवार से सफेद वर्दी पहनना फिर से शुरू कर दिया है। यातायात पुलिस बल की वर्दी को 2017 में नेवी ब्लू ट्राउजर और स्काई ब्लू शर्ट में बदल दिया गया था। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सफेद वर्दी में वापस जाने का निर्णय पुलिस विभाग द्वारा कार्यात्मक आवश्यकताओं, क्षेत्र की स्थितियों और पुलिस कर्मियों, सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों और आम जनता सहित हितधारकों से प्राप्त फीडबैक की व्यापक समीक्षा के बाद लिया गया। सफेद वर्दी लंबे समय से गुवाहाटी में यातायात प्रबंधन से जुड़ी हुई है, ऐतिहासिक रूप से सुगमता, दृश्यता और सड़कों पर पेशेवर छवि का प्रतीक रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button