एक युवक से बदमाशों ने लूटा 40 हजार रुपये, गोहार सुनकर आसपास के लोगों ने पकड़ा और जमकर की पिटाई

गौरा सिंहपुर से एक युवक से 40 हजार रुपये बदमाशों ने लूट लिया। गोहार सुनकर आसपास के लोगों ने बदमाशों को पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई कर दी। उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

मामला पुलिस चौकी भंभुआ अंतर्गत ग्राम गौरा सिंहपुर से जुड़ा है। यहां के निवासी अलगू प्रसाद जरवल रोड बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर गांव के ही निवासी गोलई के साथ अपने घर आ रहा था। दोनों गौरा बाजार स्थित एक मोबाइल की दुकान पर पहुंचे थे कि एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और रुपये लूटकर बाइक से भागने का प्रयास करने लगे। अलगू के शोर पर बाजार में मौजूद तमाम लोग मौके पर पहुंच गये और दोनों बदमाशों को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। कुछ ही देर में डायल 100 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गये तो ग्रामीणों ने दोनों बदमाशों को पुलिस के हवाले कर दिया। भंभुआ पुलिस चौकी प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि पकड़े गये दोनों बदमाशों ने अपना नाम अन्नू व लाल बहादुर निवासी धानेपुर बताया। दोनों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button