एक बार फिर बादल ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेसियों ने ही कराया दरबार साहिब पर हमला

पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेसियों ने दिल्ली में सिखों का कत्लेआम करवाया व कांग्रेसियों ने ही दरबार साहिब पर हमला करवाया। बादल बरनाला में स्व. सुरजीत सिंह बरनाला के श्रद्धांजलि समारोह में पहुंचे थे।एक बार फिर बादल ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेसियों ने ही कराया दरबार साहिब पर हमला

बादल ने कहा कि जब भी केंद्र व पंजाब में कांग्रेस की सरकार आई है तो उसने एक ही काम किया है कि प्रकाश सिंह बादल को अंदर कर दो। एक बार तो कांग्रेस सरकार के राज में उन्हें अंदर इसलिए कर दिया गया था कि उन्होंने किसी की भैंस चोरी कर ली है। इतना कहते ही उपस्थित लोगों में हंसी छूट गई।

पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही उन पर आरोप लगाए, लेकिन अब अमरिंदर ने तो उन पर ऐसे आरोप लगाए हैं कि बस क्या करें। बादल ने कहा कि आजकल सियासतदान गलत व अभ्रद भाषा का प्रयोग कर रहे हैं जो उन्हें शोभा नहीं देता। बेअदबी मामले पर उन्होंने कहा कि इसकी जांच एसआइटी कर रही है। यह उन्हीं की सरकार के समय बनाई हुई एसआइटी है। एसआइटी को इस केस की तह तक जाना होगा। तब जाकर असली दोषियों का पता चलेगा।

बादल ने कहा कि आजकल यह जो यह नई-नई पार्टियां व महागठबंधन बन रहे हैं, इनका कोई वजूद नहीं है। इन पर पंजाब के लोग भरोसा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में एक ही मां पार्टी है वह है शिरोमणि अकाली दल बादल। इस अवसर पर बीबी सुरजीत कौर बरनाला, एसजीपीसी भाई गोविंद सिंह लोंगोवाल, बीबी जागीर कौर, गगनजीत सिंह बरनाला, जत्थेदार तोता सिंह, बलदेव सिंह मान, कुलवंत सिंह कंता आदि उपस्थित थे।

Back to top button