एक बार फिर पाकिस्तान ने अलापा कश्मीर राग, जानें क्या कहा…

कराची। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस बार नोबेल पुरस्कार के बहाने कश्मीर का राग अलापा है। इमरान ने कहा है कि जो कश्मीरियों के हित में कश्मीर समस्या का हल करेगा,वो नोबेल शांति पुरस्कार का असली हकदार होगा।
इमरान ने ट्वीट कर कहा ‘मैं नोबेल शांति पुरस्कार के योग्य नहीं हूं। इस पुरस्कार का असली हकदार वह व्यक्ति होगा, जो कश्मीरी लोगों की इच्छा के अनुसार कश्मीर विवाद को हल करता है और उपमहाद्वीप में शांति और मानव विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।’
बता दें कि पिछले दिनों पाकिस्तान के संसद में इमरान को नोबेल पुरस्कार देने की मांग उठी थी। संसद में पेश हुए प्रस्ताव में कहा गया है कि उन्हें भारत के साथ तनाव दूर करने की कोशिशों को लेकर नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। इसे लेकर पाकिस्तान की संसद में शनिवार को एक प्रस्ताव पेश किया गया।
सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने शनिवार को नेशनल असेंबली के सचिवालय में यह प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव में कहा गया है कि भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को रिहा करने के फैसले से पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव दूर हुआ है। प्रस्ताव के मुताबिक इमरान ने तनावपूर्ण स्थिति में बेहद जिम्मेदाराना बर्ताव किया और वह नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं।





